यूपी के अमरोहा में शादी के छह साल में तीन बेटियों को जन्म देने से खफा पति ने पत्नी को जमकर प्रताड़ित किया। हद तो तब हो गई जब जच्चा को पहले पीटा, फिर जबरन तेजाब पिला दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे विवाहिता के मायकेवालों से भी मारपीट की। गंभीर हालत में महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन परिजनों ने इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी है और किसी कार्रवाई से भी इंकार कर रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति के पहले से ही दो बेटियां थीं। इस बार उसे उम्मीद थी कि बेटे का जन्म होगा। लेकिन पत्नी ने इस बार भी बेटी को जन्म दिया। इस पर वह और उसके परिवार पर मानो आफत आ गई। पति व ससुराल के लोगों ने तीसरी बेटी का जन्म होने पर विवाहिता को तरह-तरह के उलाहना देकर परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति ने विवाहिता की पिटाई करने के बाद उसे तेजाब पिला दिया। इससे विवाहिता की हालत गंभीर हो गई। सूचना पाकर मायके वाले विवाहिता के घर पहुंचे तो ससुरालियों ने मायके वालों के साथ मारपीट की। मायके वाले मोहल्ले वालों की मदद से उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।