देश के सर्वोच्च सम्मान 'भारत रत्न' को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।
बीजेपी ने सवाल उठाया है कि अगर सचिन तेंदुलकर को 'भारत रत्न' सम्मान मिल सकता है तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को क्यों नहीं?
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 'भारत रत्न' सम्मान में भी परिवारवाद दिखता है। कांग्रेस की सोच एक परिवारवाद तक ही सिमट कर रह गई है।
हालांकि रविशंकर प्रसाद ने सचिन तेंदुलकर को 'भारत रत्न' देने पर बधाई दी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पहले ही तेंदुलकर को बधाई दे चुके हैं।
भाजपा नेता ने राहुल गांधी द्वारा बीजेपी को 'चोरों की पार्टी' कहने पर भी आलोचना की।
प्रसाद ने कहा कि राहुल की भाषा पूरी तरह असंसदीय है। यहां तक राहुल जैसी भाषा का इस्तेमाल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी भाजपा के लिए नहीं किया था।
उल्लेखनीय है कि खरसिया की चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों को चोरों की तरह लूट रही है। इस पर भाजपा ने राहुल के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।