दिल्ली गैंगरेप मामले में भाजपा ने केंद्र सरकार के रूख की कड़ी आलोचना की है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने कहा कि उन्हें आगे बढ़कर लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करना चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से कहा कि दिल्ली के हर कोने में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मसले पर लोगों में गुस्सा और आक्रोश साफ देखा जा सकता है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुप्पी साध रखी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को गंभीर और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर भय के माहौल को खत्म करना चाहिए।
इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई की उन्होंने कड़ी निंदा दी। उन्होंने कहा कि ये छात्र किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं है इसलिए इनके खिलाफ पुलिस को ऐसी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।