बिहार में विधानसभा चुनावों को लेकर किए जा रहे एक्जिट पोल भी लोगों की धड़कनों को बढ़ाने का काम करने लगे हैं। पर अगर कोई समाचार चैनल एक्जिट पोल दिखाने से ही मना कर दे, तो क्या करेंगे। ऐसा ही है एक अंग्रेजी न्यूज चैनल के साथ। घोषणा करने के बाद भी समाचार चैनल ने एक्जिट पोल को नहीं चलाया।
बताया जा रहा है कि जिस समाचार चैनल ने सर्वेक्षण एजेंसी से एक्जिट पोल तैयार करवाया था, उसने एक्जिट पोल में नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव वाले महागठबंधन को 169-183 सीटें दी थी। वहीं बीजेपी गठबंधन को इस सर्वेक्षण में 58-70 सीटें मिल रही थीं। अन्य को 3-7 सीटें दी जा रही थी। यह सर्वेक्षण एक्सिस एपीएम एजेंसी ने किया था।
हफिंग्टन पोस्ट की खबर के मुताबिक कई स्तर पर पता करने के बाद पता चला कि उस सर्वेक्षण को समाचार चैनल ने नहीं दिखाने का फैसला किया है। सूत्रों की मानें जब एक्सिस एपीएम से समाचार चैनल ने यह पूछा कि किस आधार पर कांग्रेस को 26-30 सीटें दी जा रही हैं। तो सर्वेक्षण एजेंसी ने जो जवाब दिया, उससे वो सहमत नहीं दिखे। यह भी कहा जा रहा है कि एक्सिस एपीएम सर्वेक्षण एजेंसी ने अपना रॉ डॉटा भी चैनल के साथ साझा करने से मना कर दिया था।
आखिर चैनल ने ऐसा क्यों किया?
जब इस बारे में चैनल के प्रवक्ता से बात की गई तो उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। मुबंई स्थित कंपनी एक्सिस एपीएम के प्रमुख प्रदीप गुप्ता ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से मना कर दिया। वहीं कंपनी के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हमने इस ओपनियन पोल को अब सभी के लिए अपनी वेबसाइट पर डाल दिया। साथ ही सभी न्यूज चैनल को फ्री में ही यह ओपिनयन पोल यूज करने के लिए अनुमति दे दी है। कुछ न्यूज चैनल ने यह ओपिनियन पोल भी दिखाया है।
एक्सिस एपीएम के अधिकारी ने इस बात की भी पुष्टि करते हुए कहा कि सीएनएन-आईबीएन और हिंदी न्यूज चैनल आईबीएन-7 पर यह सर्वेक्षण पांच तारीख को दिखाया जाना था। पर चैनल ने यह सर्वेक्षण नहीं दिखाया। अभी तक हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि आखिर चैनल ने ऐसा क्यों किया।
'सर्वेक्षण के तरीके पर कुछ सदेंह था'
एक्सिस एपीएम ने इसी चैनल ने लिए प्री पोल सर्वेक्षण भी किया था जिसमें महागठबंधन को 137 सीटें मिली थीं। चैनल में ही काम करने वाले एक सूत्र के मुताबिक हमें इस एक्जिट पोल को प्रसारित करने में कोई समस्या नहीं थी। पर हमें उनके सर्वेक्षण के तरीके पर कुछ सदेंह था। इसलिए हमने सर्वेक्षण न दिखाने का फैसला किया।
आपको बताते चलें कि 5 नवंबर को कई समाचार चैनलों ने अपने-अपने सर्वेक्षण जारी किए थे। एबीपी न्यून-नीलसन ने महागठबंधन को 130 सीट, टाइम्स नाऊ-सी वोटर ने 122 सीट मिलने की संभावना जताई है। इंडिया टुडे और सिसरो के एक्जिट पोल में महागठबंधन को 111-123 और एनडीए को 113-127 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।
वहीं इंडिया टीवी-सी वोटर के एक्जिट पोल में महागठबंधन को 112-132 और एनडीए को 101-121 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं टुडे चाणक्य ने सबको चौंकाते हुए एनडीए को 155 सीट मिलने का दावा किया और महागठबंधन को सिर्फ 83 सीट मिलने का दावा किया है।