मंत्रियों के नाम तय होने के बाद अब विभागों के बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। बुधवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंत्रियों को दिए जाने वाले विभागों को लेकर माथापच्ची जारी रही। सूत्रों के मुताबिक मनीष सिसौदिया को परिवहन मंत्रालय का कार्यभार सौंपा जा रहा है। मनीष ने पटपड़गंज विधानसभा सीट से बीजेपी के नकुल भारद्वाज को 11478 वोटों से हराया था। मनीष सिसोदिया समाजिक कार्यकर्ता से पहले पत्रकार रह चुके हैं।
कानून और उद्योग मंत्री बनेंगे सोमनाथ भारती!
आईआईटी से पढ़ाई कर चुके सोमनाथ भारती को कानून, श्रम व उद्योग मंत्रालय का प्रभार सौंपे जाने की उम्मीद है। आईआईटी दिल्ली से पढ़ चुके सोमनाथ भारती ने बीजेपी की आरती मेहरा को हराकर अपनी जीत दर्ज की है। 39 साल के भारती आईआईटी दिल्ली alumni एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं।
सत्येंद्र को मिलेगी सीपीडब्ल्यूडी की कमान!
दिल्ली के अगले पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन हो सकते हैं। दिल्ली के शकूर बस्ती विधानसभा से जीत कर आए सत्येंद्र जैन पेशे से आर्किटेक्ट थे। अपनी सरकारी नौकरी, जो वह सीपीडब्ल्यूडी में कर रहे थे, उन्होंने केवल इसलिए छोड़ दी क्योंकि वह विभाग में फैले भ्रष्टाचार से परेशान हो गए थे। इसके बाद इनहोंने कंसल्टेंसी का काम शुरू किया। जनलोकपाल आंदोलन में सक्रिय रूप से जुड़े रहे सत्येंद्र सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। दिल्ली में मानसिक तौर पर अक्षम बच्चों के लिए कार्य करने वाली संस्था स्पर्श के साथ सहयोगी के तौर पर जुड़े हैं। अपने क्षेत्र में गरीब कन्याओं के विवाह आदि में सहयोग करते रहते हैं।
युवा सौरभ के हाथों में होगी हेल्थ मिनिस्ट्री!
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय सौरभ भारद्वाज को दिया जा सकता है। 34 वर्षीय सौरभ भारद्वाज विधायक बनने से पहले गुड़गांव में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते थे। उन्होंने दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से बीजेपी के वरिष्ठ नेता वीके मल्होत्रा के बेटे को 13092 वोटों से हराया है।
26 साल की राखी देखेंगी शिक्षा मंत्रालय का कामकाज!
26 साल की राखी बिड़ला को शिक्षा व समाज कल्याण मंत्रालय मिलने की संभावना है। पत्रकारिता की नौकरी छोड़कर राजनीति में आई राखी बिड़ला सबसे कम उम्र की मंत्री बनेंगी। राखी ने कांग्रेस सरकार के मंत्री राजकुमार चौहान को हराकर अपना रास्ता बनाया है। मंगोलपुरी विधानसभा सीट से राजकुमार चौहान 4 बार जीत चुके हैं। विधायक बनने से पहले राखी के पास महज 50 हजार रुपये की संपति थी, जो उन्होंने चुनाव आयोग को घोषित की थी।
12वीं पास गिरीश्ा के जिम्मे होगा महिला विकास मंत्रालय
खाद्य आपूर्ति, महिला और बाल विकास विकास विभाग गिरीश सोनी को मिल सकता है। दिल्ली की मादीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीत कर आए गिरीश सोनी ने बीजेपी के कैलाश संकला को हराया था। महज 1103 वोटों की अंतर से जीतकर आए सोनी की शिक्षा 12वीं तक हुई है। 1980 से 'भारत की जनवादी नौजवान सभा' के साथ काम किया और मादीपुर के महासचिव के पद पर रहते हुए शिक्षा एवं रोजगार के लिए संघर्षरत आम आदमी की आवाज बने। गिरीश सोनी की समाज में साफ़ छवि है एवं इलाके की समस्याओं के लिए लोगों के साथ मिलकर लड़ते रहे हैं। बिजली-पानी आन्दोलन के दौरान गिरीश सोनी ने घर-घर जाकर लोगों को आन्दोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केजरीवाल रख सकते हैं बिजली और जल मंत्रालय
सूत्रों की मानें तो गृह, ऊर्जा, वित्त व टैक्स, जल बोर्ड, पर्यावरण, जैसे बाकी सभी मंत्रालय अरविंद केजरीवाल खुद अपने पास रख सकते हैं। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि बिजली व पानी अरविंद की सरकार के कोर मुद्दे हैं। जबकि राजस्व की अरविंद को गहरी समझ है। इन सबके अलावा 6 मंत्रियों को कुछ अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा जा सकता है।