केरल के कालीकट में बीजेपी की नेशनल काउंसिल मीटिंग को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कश्मीर की स्थिति को चिंताजनक बताया। काउंसिल के आखिरी दिन रविवार को पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि कश्मीर पर पार्टी अपने संकल्प को लेकर कायम है।
बीजेपी अध्यक्ष शाह ने कहा कि कश्मीर मसले पर जो संविधान सम्मत बात करेगा, उससे बात करेंगे। कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और दुनिया की कोई भी ताकत इसे छीन नहीं सकती। उन्होने कहा कि हम कश्मीर पर बातचीत के लिए तैयार हैं।
शाह ने कहा कि पार्टी को सत्ता में आए हुए ढाई साल हो गए हैं, लेकिन कोई भी हम पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि इस वर्ष को पार्टी गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाएगी।
सरकार की ओर से सब्सिडी को सीधे बैंक अकाउंट में देने की योजना के प्रभाव को गिनाते हुए शाह ने कहा कि सीधी सब्सिडी से चोरी बंद हो गई है। बैंक में सीधी सब्सिडी से लोगों को फायदा मिलता है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में खूब भ्रष्टाचार हुए, लेकिन हमारी सरकार पर विपक्ष भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता।
उड़ी हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी इस घटना को लेकर काफी गंभीर है। यूएन में नवाज शरीफ के भाषण ने साबित कर दिया कि पाकिस्तान शुरू से ही आतंक को मदद करता रहा है। उन्होंने कहा कि 'हम सभी पार्टियों से अपील करते हैं कि वे साथ आएं और आतंक के खिलाफ लड़ाई में सरकार और सेना की मदद करें।'