फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी को मिला अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष का साथ

Tue, 23 Jul 2013 07:23 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हिंदूवादी बयानों पर राजनीतिक विरोधियों से घिरे गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्ला का कीमती साथ मिल गया है।
विज्ञापन


हबीबुल्ला न केवल मोदी के ‘हिंदू राष्ट्रवादी’ संबंधी बयान के बचाव में उतर आए हैं, बल्कि उन्हें संदेह का लाभ भी देने की सलाह दी।

उन्होंने यह मानने से भी इंकार कर दिया है कि मोदी ने खुद को हिंदू राष्ट्रवादी कह कर एक रणनीति के तहत अल्पसंख्यक विरोध का भाव प्रकट किया था। उन्होंने ‘मैं हिंदू हूं और राष्ट्रवादी हूं’ संबंधी मोदी के बयान को अच्छी बात करार दिया है।

बहरहाल मोदी का बचाव करने के कारण हबीबुल्ला विवादों में घिर सकते हैं।

शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा से मोदी ‘आउट’

इससे पहले दारुल उलूम देवबंद के तत्कालीन कुलपति मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी और जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महासचिव महमूद मदनी भी मोदी पर सकारात्मक बयान देकर विवादों में घिर चुके हैं।
विज्ञापन


वस्तानवी को तो मोदी की तारीफ के कारण अपनी कुर्सी भी गंवानी पड़ गई थी। हाल ही में मोदी की तारीफ करने के मामले में बसपा सांसद विजय बहादुर सिंह को निलंबन की सजा झेलनी पड़ी है।

एक साक्षात्कार में हबीबुल्ला ने न केवल मोदी का बचाव किया, बल्कि उनके बयानों पर उल्टे सवाल भी दागे। उन्होंने कहा कि एक समाचार एजेंसी को मोदी द्वारा दिए गए साक्षात्कार को मैंने भी देखा है।

इसमें मोदी ने कहा है कि मैं हिंदू हूं और राष्ट्रवादी हूं। इसमें गलत क्या है? यह अच्छी बात है। मैं भी कह सकता हूं कि मैं मुस्लिम हूं और राष्ट्रवादी हूं।

नरेंद्र मोदी को पीएम नहीं देखना चाहते अमर्त्य सेन

हबीबुल्ला ने यह मानने से इंकार कर दिया कि मोदी ने ऐसा अल्पसंख्यक विरोध का भाव प्रकट करने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने मोदी की अंग्रेजी अच्छी न होने का हवाला दे कर भी उनका बचाव किया और उन्हें संदेह का लाभ देने की सलाह दी।

हबीबुल्ला ने कहा कि मेरे हिसाब से मोदी की हिंदी अंग्रेजी से बेहतर है। उनकी अंग्रेजी उतनी अच्छी नहीं है। शायद इसी कारण उनसे शब्दों के इस्तेमाल में गलती हुई होगी।

उन्होंने मोदी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अंग्रेजी की बेहतर समझ की बात है। मसलन दो शब्द हैं, हिंदू एंड नेशनलिस्ट और हिंदू नेशनलिस्ट। एक का अर्थ हिंदू और राष्ट्रवादी और दूसरे का अर्थ हिंदू राष्ट्रवादी है। ऐसे में अंग्रेजी में कम पकड़ होने के कारण शब्दों के चयन में चूक हो सकती है।

हालांकि वजाहत ने यह भी कहा कि मुस्लिम राष्ट्रवादी का मतलब मुस्लिम राष्ट्र से होता है, इसी तरह हिंदू राष्ट्रवादी का अर्थ भी हिंदू राष्ट्र से है। इसलिए इस बारे में मोदी से पूछा जाना चाहिए कि वह वास्तव में क्या कहना चाहते थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें