उत्तर प्रदेश में वॉल्वो से सफर करना अब आपको 85 रुपये तक महंगा पड़ सकता है। टोल टैक्स बढ़ने के कारण किराया बढ़ाया गया है। वॉल्वो का किराया न्यूनतम छह रुपये और साधारण बसों का किराया अधिकतम 14 व न्यूनतम दो रुपये तक बढ़ाया गया है। परिवहन निगम ने सोमवार से बढ़ी हुई दरें लागू कर दी हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि अब तक परिवहन निगम टोल टैक्स के एवज में वॉल्वो एवं साधारण बस में प्रति सवारी एक रुपए वसूलता था लेकिन जब से टोल टैक्स के रेट बढ़े, निगम को घाटा होने लगा। इससे उबरने के लिए अब निगम ने वॉल्वो और साधारण बसों के लिए अलग-अलग टोल टैक्स के रूप में किराया बढ़ाया है। किराया उन्हीं रूट पर बढ़ेगा, जिस पर टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इससे लखनऊ से जयपुर, आगरा, दिल्ली, देहरादून, झांसी, इटावा, सीतापुर, शिकोहाबाद, मथुरा और मुरादाबाद आदि का सफर महंगा हो गया है।