तमिलनाडु में अभिनेता और निदेशक कमल हासन की फिल्म ‘विश्वरूपम’ की रिलीज को लेकर जारी गतिरोध अभी भी बरकरार है। इस बीच गतिरोध का समाधान निकालने के लिए त्रिपक्षीय बातचीत हो सकती है। मुंबई से चेन्नई लौटे हासन के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
यह त्रिपक्षीय बातचीत मुस्लिम संगठनों, हासन और प्रदेश गृह सचिव आर राजगोपाल के बीच होनी है। पहले यह मुलाकात शुक्रवार को होनी थी लेकिन मुस्लिम संगठनों द्वारा अभिनेता हासन की मौजूदगी पर जोर दिए जाने के चलते टालनी पड़ी थी।
फेडरेशन ऑफ तमिलनाडु मुस्लिम्स सोशल एंड पोलिटिकल आर्गनाइजेशन ने मुस्लिम विरोधी सामग्री को लेकर फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और फिल्म से कुछ दृश्यों को हटाने की मांग कर रही है। कमल हासन शुक्रवार को हिंदी में रिलीज हुई अपनी फिल्म के प्रीमियर के लिए मुंबई में थे। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत से फिल्म को काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
फिल्म की रिलीज को लेकर जारी गतिरोध को समाधान की पहल बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री जयललिता के प्रतिबंध पर सफाई दिए जाने के बाद शुरू हुई है। 100 करोड़ रुपये की लागत से तमिल, तेलुगू और हिंदी में फिल्म को 25 जनवरी को तमिलनाडु में रिलीज किया जाना था।
गत बृहस्पतिवार को मद्रास हाईकोर्ट की सिंगल पीठ ने फिल्म के रिलीज की अनुमति दे दी थी लेकिन अगले दिन डिवीजनल बेंच ने फिर से रोक लगा दी। अब इस मामले की सुनवाई 6 फरवरी को होगी।