यूपी के बुलंदशहर की 'दबंग' डीएम बी. चंद्रकला लगातार अपने बेबाक तेवरों को लेकर लगातार चर्चाओं में रहती हैं। इसी कड़ी में डीएम चंद्रकला इस बार एक सरकारी स्कूल में जा पहुंची। इस बार भी उनका वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
स्कूल पहुंचकर डीएम साहिबा ने बच्चों से जब कुछ सवाल पूछे तो एक भी बच्चा उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाया। भूगोल के पीरियड में डीएम के पूछे गए हर सवाल पर बच्चे खामोश नजर आए।
बस फिर क्या था...डीएम चंद्रकला ने वहां खड़े अध्यापक की जमकर खिंचाई की। डीएम साहिबा ने अध्यापक को उनकी जिम्मदारी का एहसास कराते हुए बच्चों को मेहनत से पढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम चंद्रकला उसी स्कूल की एक दूसरी कक्षा में पहुंची।
क्लास में नहीं मिले चॉक और डस्टर
इसके बाद दूसरी कक्षा में पहुंची डीएम ने गणित से संबंधित सवाल पूछे। यहां भी बच्चों का वही हाल था जो इससे पहली कक्षा में था। हालांकि एक-दो बच्चों ने कुछ सवालों के जवाब दिए।
कक्षा में मौजूद अध्यापिका पर असली आफत तब आई जब डीएम ने चॉक और डस्टर मांगा और कक्षा में ये दोनों ही चीजें नहीं मिलीं। इसके बाद तो डीएम साहिबा का पारा चढ़ गया। उन्होंने वहां मौजूद अध्यापकों को जमकर लताड़ लगाई।
इससे पहले डीएम चंद्रकला तब चर्चा में आई थी जब उन्होंने एक खड़ंजे के निर्माण के दौरान मौके पर पहुंचकर ही सरकारी भ्रष्टाचार की पोल खोल दी थी। उस समय डीएम साहिबा का वीडियो खूब वायरल हुआ था।
खूब वायरल हुआ था ये वाला वीडियो
इससे पहले बुलंदशहर में जांच के दौरान डीएम बी चंद्रकला को इंटरलॉकिंग टाइल्स में मिलावट मिली। मिलावट और कमीशनखोरी देख डीएम ने इसमें शामिल लोगों को मौके पर ही वो लताड़ लगाई कि अफसर से लेकर कर्मचारी खड़े-खड़े कांपने लगे।
दो इंटरलॉकिंग टाइल्स को आपस में टकराने पर वो चूर-चूर होकर गिर गईं। टाइल की घटिया सामग्री देखकर डीएम को गुस्सा आ गया और वह दहाड़ीं, ‘हो गया...ये है तुम्हारा काम! हां? जेल के अंदर जाओगे अभी के अभी... समझे क्या?
उन्होंने लताड़ लगाते हुए कहा कि ये चीज करते हो आप लोग? कमीशनखोरी की भी हद होती है। इस घटना के बाद डीएम साहिबा पूरे देश में चर्चित हो गईं थी। देखिए घटना का वीडियो-