नामजद और अज्ञात आरोपियों की फेहरिस्त में उस महिला का नाम भी जुड़ गया है, जिस पर गैंगरेप और धर्मांतरण से पीड़ित युवती की मदरसे में पिटाई का आरोप है। पुलिस विवेचना में जिन अज्ञात आरोपियों के चेहरे सामने आए, उसमें अब इस महिला की भी खोजबीन शुरू हो गई है।
पीड़ित युवती की तरफ से नया खुलासा हुआ है। उसने कहा कि मुजफ्फरनगर के मदरसे में एक औरत ने उसकी पिटाई की थी। युवती ने दावा किया है कि सामने आने पर वह उस महिला को पहचान लेगी।
पीड़ित युवती के पिता की तरफ से तीन अगस्त को खरखौदा थाने में दर्ज कराए गए केस में ग्राम प्रधान नवाब, युवती की सहेली अंजुम, सनाउल्ला और उसकी पत्नी को नामजद, जबकि चार आरोपी अज्ञात बताए गए थे।
एक औरत ने की थी पिटाई
नवाब, अंजुम और सनाउल्ला की पत्नी को तीन अगस्त की रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि विवेचना में शानू, कलीम, गुल सनव्वर, वकील अहमद, हबीब और नवीन के नाम सामने आए थे।
पुलिस शानू और नवीन को छोड़कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को आरोपी शानू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया।
अब युवती की तरफ से नया खुलासा यह हुआ है कि मुजफ्फरनगर के मदरसे में एक औरत ने उसकी पिटाई की थी। युवती ने दावा किया है कि सामने आने पर वह उस महिला को पहचान लेगी।
मौलवी की पहचान बनी अहम
इससे साफ है कि उसके साथ मुजफ्फरनगर के मदरसे में उसके साथ बुरा बर्ताव हुआ था। जब वह मौलवी के सामने गिड़गिड़ाई थी तो बकौल युवती, मौलवी का कहना था कि घबराओ मत।
तुम्हारे जैसी और भी लड़कियां आती हैं। पुलिस के लिए अब इस महिला के साथ ही उस मौलवी की पहचान अहम हो गई है।
कौन संवारेगा मेरा भविष्य
युवती ने सवाल किया है कि उसे लेकर तमाम बातें की गईं। काफी कुछ कहा गया। नेताओं ने भी वाहवाही बटोरी। भीड़ सिर्फ मुझे बदनाम करने पर जुटी रही। इस तमाशाई भीड़ में ऐसा कोई शख्स नहीं दिखता, जो आगे आकर यह कहे कि वह मेरा भविष्य संवार देगा।