हिट एंड रन मामले में अभिनेता सलमान खान की अपील पर मुंबई की सत्र अदालत ने बारिश के कारण फिलहाल फैसला टाल दिया है।
बताया जा रहा है कि मूसलाधार बारिश के कारण्ा मुंबई में कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। इस कारण से कोर्ट के कई कर्मचारी काम पर नहीं पहुंच सके। अब इस मामले में सुनवाई 24 जून को होगी।
गौरतलब है कि मजिस्ट्रेट अदालत ने साल 2002 के मामले में सलमान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या मामले में फिर से मुकदमा चलाने का आदेश दिया था।
सत्र अदालत के न्यायाधीश यूबी हेजिब ने एक महीने पहले दलील पूरी होने के बाद अपील पर फैसले के लिए दस जून की तारीख मुकर्रर की थी।
गैर इरादतन हत्या (आईपीसी की धारा 304 भाग दो) के गंभीर आरोप लगाने के खिलाफ दलील देते हुए सलमान खान के वकील अशोक मुंदारगी ने दलील दी थी कि मजिस्ट्रेट अदालत का आदेश त्रुटिपूर्ण और रिकॉर्ड में दर्ज साक्ष्य के विपरीत है।
उन्होंने कहा था कि मजिस्ट्रेट यह समझ नहीं पाए कि अभिनेता न तो लोगों की हत्या करना चाहते थे और न ही उन्हें इस बात की जानकारी थी कि लापरवाही से वाहन चलाने में एक व्यक्ति की मौत हो जाएगी और चार लोग घायल हो जाएंगे।