23 वर्षीय युवती से गैंगरेप मामले में दिल्ली में हो रहे उग्र विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय मंत्री वायलार रवि ने रविवार को ऐसे अपराधों से निपटने के लिए मौत की सजा देने वाले एक अध्यादेश लाने का समर्थन किया।
प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि हम ऐसा कोई कानून बनाएंगे जोकि आईपीसी की धारा 302 (हत्या के लिए सजा) के समान होगा। इसके लिए अध्यादेश लाना चाहिए। यह एक अच्छा कदम होगा। हालांकि यह मेरी व्यक्तिगत राय है।
उन्होंने कहा कि रेप की घटनाएं हर राज्य में घट रही हैं। राज्य सरकारों और संसद को भी अपनी मदद देनी चाहिए। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही ऐसे अपराधों को खत्म करने के लिए कोई समाधान निकाल लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे में चिंतित है। अपराधियों को सजा दी जानी चाहिए।