उपचुनाव के माहौल में राजस्थान में राजनीति एक बार फिर तेज हो गई है। अजमेर की नसीराबाद सीट पर हुई सभा में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किए।
उन्होंने गहलोत को बिगड़ैल बच्चा तक कह दिया। उन्होंने कहा कि गहलोत ने अपने हाथ से सत्ता जाती देखकर बिगड़ैल बच्चे की तरह प्रदेश की बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया।
साथ ही, पूरे प्रदेश में जात-पात और मजहब के नाम पर सौहार्द बिगाड़ने का काम किया। मुख्यमंत्री ने सभा ने भाजपा प्रत्याशी सरिता देवी गैना के समर्थन में आयोजित चुनाव सभा में कहा कि लगभग आधी शताब्दी तक प्रदेश को बदहाली में पहुंचाने वाली कांग्रेस को यह हक ही नहीं है कि वह प्रदेश की भाजपा सरकार को कटघारे में खड़ा करें।
वसुंधरा राजे ने कांग्रेस से 53 साल के शासन का हिसाब मांगा और कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार कर रही है कि मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना, नि:शुल्क जांच योजना और पेंशन योजना को भाजपा सरकार बंद कर देगी। मुख्यमंत्री ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के घोटालों और प्रश्न पत्र लीक प्रकरण में कांग्रेस को दोषी ठहराया।