भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विचारक एमजी वैद्य की टिप्पणी को खारिज कर दिया है। अपने खिलाफ हो रहे प्रचार के पीदे नरेंद्र मोदी का हाथ होने के आरोपों का निराधार बताते हुए उन्होंने कहा है कि वैद्य के ब्लॉग में की गई टिप्पणियों का कोई प्रमाण नहीं है।
उन्होंने कहा है कि हमारी पार्टी में ऐसी बातों के लिए कोई जगह नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सभी मुख्यमंत्री एवं नेता मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी मोदी के साथ हैं और हम फिर गुजरात चुनाव जीतेंगे।
वहीं भाजपा के प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने एमजी वैद्य के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी इस आरोप को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करती है क्योंकि यह बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि मीडिया में एक ब्लाग की चर्चा है, जिसमें पार्टी के एक सांसद की टिप्पणियों को मोदी के साथ जोड़ने की कोशिश की गई है ।
उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा एक जुट है। पूरी पार्टी, उसके नेता और मुख्यमंत्री एक बडे राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए सामूहिक रुप से कार्य कर रहे हैं। पूरी पार्टी गुजरात चुनाव में संकल्प के साथ काम कर रही है और मोदी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि गुजरात चुनाव में पार्टी को निर्णायक विजय मिलेगी। वहीं संघ ने भी वैद्य की टिप्पणी को उनकी निजी राय बताकर बयान से पल्ला झाड़ लिया है ।