देश के प्रमुख पॉवर ट्रेडर पीटीसी इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु पर बिजली बिल का उसका 800 करोड़ रुपया बकाया है। यह बिल पीटीसी इंडिया की ओर से इन दोनों राज्यों द्वारा संचालित बिजली वितरण कंपनियों की दी गई बिजली का है। उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश अगले महीने से बकाए बिल का भुगतान शुरू कर देगा।
पीटीसी इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) दीपक अमिताभ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश पर करीब 420 करोड़ रुपया बकाया है, जबकि तमिलनाडु को करीब 400 करोड़ रुपये का भुगतान करना है। उन्होंने बताया कि एक समय तमिलनाडु पर 900 करोड़ रुपये का बकाया हो गया था।
पिछले महीने सीएमडी का पदभार संभालने वाले अमिताभ ने कहा कि इन दोनों राज्यों पर पीटीसी इंडिया का करीब 800 करोड़ रुपया बकाया है। वे पॉवर सेक्टर में पारेषण और वितरण के मुद्दे पर आयोजित सम्मेलन के दौरान अलग से संवाददाओं से बातचीत कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) ने किया था। गौरतलब है कि पीटीसी इंडिया प्रति दिन 90-110 मिलियन यूनिट बिजली का व्यापार करती है।
अमिताभ ने कहा कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु की ओर से समय से बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु ने पॉवर टैरिफ में वृद्धि के बाद भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि यूपी ने भी पॉवर टैरिफ में वृद्धि का आदेश दे दिया है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि यूपी अगले महीने से बकाए बिल का भुगतान शुरू कर देगा।