फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद में कांग्रेस ने मोदी पर साधा निशाना

Wed, 05 Dec 2012 12:29 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गैस खोज ठेके में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रही कांग्रेस ने मंगलवार को इस मामले को लोकसभा में उठाया। पार्टी सांसद संजय निरूपम ने शून्यकाल में कृष्णा-गोदावरी बेसिन में गैस उत्खनन सौदे में हुए कथित भ्रष्टाचार का मामला उठाते हुए मोदी पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
विज्ञापन


निरुपम ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दते हुए प्रश्नकाल के तुरंत बाद इस मामले को सदन में उठाया। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने लोकसभा में हंगामा किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक स्थगित हो गयी। शून्यकाल के साथ दुबारा कार्यवाही शुरू होने पर एक बार फिर संजय निरूपम ने यह मामला उठाया और गुजरात के मुख्यमंत्री तथा आरोपी कंपनी के बीच रिश्तों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

विपक्षी सदस्यों की टोका-टाकी के बीच उन्होंने कहा कि इस गैस उत्खनन घोटाले में उस राज्य के मुखिया के तार जुड़े हैं जो दावा करते हैं कि न मैं खाता हूं और न किसी को खाने देता हूं। आगे उन्होंने कहा कि एक पत्रिका में आरोप लगाया गया है कि तीन हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में किसी फर्जी कंपनी को दस फीसदी की हिस्सेदारी दी गई।
विज्ञापन


निरूपम ने कहा कि इस बात का पता लगाया जाना चाहिए कि इस कंपनी के गुजरात के मुख्यमंत्री से क्या रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि सचाई का पता लगाने के लिए इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। भाजपा सदस्यों की टोका-टाकी के बीच उन्होंने कहा कि जिसका आप बचाव कर रहे हैं वह दूध का धुला नहीं है, बल्कि उसका चेहरा गैस के धुएं में काला हो गया है।

निरूपम ने कहा कि गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार ने एक गैस उत्खनन परियोजना में एक विदेशी कंपनी को हिस्सेदारी बेची, लेकिन बारबाडोस स्थित इस कंपनी ने सरकार को दी गयी दस फीसदी हिस्सेदारी के लिए एक पैसा नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी की देखरेख में इस कंपनी के साथ हुए सौदे में कंपनी को कोई पैसा नहीं देने पर गुजरात सरकार ने राज्य के करदाताओं के पैसे की कीमत पर बीस हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें