राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने कहा कि डीएमके जैसे अहम सहयोगी के समर्थन वापसी के बाद केंद्र की यूपीए सरकार कमजोर हो गई है।
पवार ने कहा कि यूपीए सरकार को अपने सहयोगी दलों की बैठक बुलाकर, आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर चर्चा करनी चाहिए।
शरद पवार के बारे में कई तरह की सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से पवार की मुलाकात को लेकर यूपीए सरकार में काफी हलचल मची हुई है। माना जा रहा है कि तीसरे मोर्चे का गठन कर उसका नेता शरद पवार को बनाकर मुलायम यूपीए को कमजोर करना चाहते हैं।
हालांकि पवार ने घोषणा की है कि वे अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पवार की इस घोषणा के बाद एनसीपी में नए पार्टी प्रमुख ने नाम को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि पवार ने तीसरे मोर्चे के गठन की किसी भी संभावना से इनकार किया है।