इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ में यूपीए सरकार के रुख से नाराज भाजपा ने कांग्रेस पर करारा सियासी हमला किया है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी को डराने के लिए कांग्रेस सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।
भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राजनाथ ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे जितना चाहें मोदी को डरा सकते हैं, लेकिन जनता के दरबार में मोदी को न्याय जरूर मिलेगा।
राजनाथ ने कहा कि अपने राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस ने आईबी और सीबीआई को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर दिया है। जबकि देश में आतंकवाद और माओवाद लगातार बढ़ रहा है, इसका खात्मा तभी होगा जब सुरक्षा एजेंसियों में तालमेल होगा।
राजनाथ ने आरोप लगाया कि चूंकि कांग्रेस नरेंद्र मोदी को परेशान करना चाहती है, इसलिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के 66 साल के शासन में लगभग 54-55 साल राज करने वाली कांग्रेस की कुनीतियों और कुशासन का ही नतीजा है कि देश की 120 करोड़ आबादी में से 80 करोड़ आबादी को सस्ता अनाज देने के लिए खाद्य सुरक्षा कानून की जरूरत पड़ रही है।
राजनाथ ने कहा कि यदि यह सरकार इतने पैसे से युवा वर्ग को रोजगार मुहैया करा देती तो आज इस कानून की आवश्यकता ही नहीं पड़ती।