गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर मनमोहन सिंह सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यूपीए का गिलास भ्रष्टाचार से भरा हुआ है।
एक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने कहा, ‘पिछले नौ साल में यूपीए का गिलास भ्रष्टाचार से पूरी तरह भर चुका है। अब इसमें विश्वास के लिए कोई जगह नहीं बची है। दुर्भाग्य से आम आदमी को भ्रष्टाचार से भरे इसी गिलास में से कुछ लेना पड़ता है।’
'पॉलिसी को लकवा मार गया'
मोदी ने कहा कि देश में इस समय खराब शासन के चलते नीति निर्धारण प्रक्रिया को लकवा मार गया है। उन्होंने केंद्र पर अपने फायदे के लिए सरकारी संस्थानों का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया।
मोदी ने कहा कि पिछले हफ्ते जब इंफोसिस ने गुजरात की तारीफ की तो उन्हें 500 करोड़ रुपये का आयकर नोटिस थमा दिया गया।
सोशल मीडिया की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि इससे आम आदमी को भी आवाज मिली है। उन्होंने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक्स और सोशल मीडिया सभी पर तकनीक का बड़ा प्रभाव दिखाई देता है।
इसे सोशल मीडिया की जीत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सोशल मीडिया से मुकाबला करने के लिए प्रिंट मीडिया संगठनों को ऑनलाइन न्यूजपेपर शुरू करने पड़े। अब लोगों को किसी भी घटना की जानकारी सिर्फ 24 सेकेंड में मिल जाती है जबकि पहले इसके लिए 24 घंटे तक इंतजार करना पड़ता था।’
सोशल मीडिया पर सेंसरशिप लगाने की अप्रत्यक्ष रूप से आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार को इसे स्वीकार करना ही होगा। अगर शासन और तकनीक एक-दूसरे को स्वीकार नहीं करेंगी, तो एक बड़ा अंतर पैदा हो जाएगा।
इंफोसिस ने की तारीफ
इधर इंफोसिस के कार्यकारी सह अध्यक्ष व भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष क्रिस गोपालकृष्णन ने मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘ग्लोबल लीडर’ करार दिया।
गोपालकृष्णन ने कहा, ‘मोदी एक ग्लोबल लीडर हैं, जिन्हें कई लोग आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। उनके साथ मंच साझा करना बेहद सम्मान की बात है। उनके नेतृत्व में राज्य ने सभी क्षेत्रों में विकास किया है।’
गोपालकृष्णन ने कहा, ‘सीआईआई में हम अक्सर कहते हैं कि अगर प्रत्येक राज्य गुजरात की गति से विकास करे, तो देश का विकास दोगुना हो जाएगा।’