रैप सिंगर हनी सिंह व उसके दो साथियों के खिलाफ दर्ज मामले की तफ्तीश शुरू हो गई है। उनके गानों की सीडी व डीवीडी खंगाल कर अश्लील व उत्तेजक गानों का ब्योरा एकत्र किया जा रहा है। मामला ठीक पाया गया तो पुलिस गिरफ्तारी भी कर सकती है।
मालूम हो कि आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने पंजाबी गायक हनी सिंह, उनके साथी बादशाह व दलजीत दोसांझ पर अश्लील, भद्दे व ओछे गानों को लिखने व गाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, विराम खंड निवासी अमिताभ ठाकुर की रिपोर्ट पर पंजाबी गायक हनी सिंह, उनके साथी बादशाह व दलजीत दोसांझ द्वारा गाए गए अश्लील, भद्दे व ओछे गानों के साक्ष्य एकत्र करने के लिए अनेक सीडी व डीवीडी खंगाली जा रही हैं।
देखा जा रहा है कि गायकों ने किस तरह अश्लील, उत्तेजक व अभद्र गाने गाकर महिलाओं का अपमान किया है। इसके साथ ही उनके गाने गंभीर अपराध बढ़ाने में कितने उत्प्रेरक हैं? साक्ष्य एकत्र करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू करेगी।
इससे पहले आईपीएस अमिताभ ठाकुर द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उन्होंने कुछ गानों के अश्लील बोल का उल्लेख करते हुए हनी सिंह व उसके दोनों साथियों पर महिलाओं के प्रति घृणित शब्द प्रयोग करने और अश्लील, उत्तेजक व अभद्र गानों को अपराध बढ़ाने का उत्प्रेरक होने का भी आरोप लगाया था।
पुलिस ने मामला दर्ज करके तफ्तीश एसआई राजेश कुमार को सौंपी है। उन्होंने साक्ष्य एकत्र करने के लिए हनी सिंह व उसके दोनों साथियों द्वारा गाए गानों की सीडी, डीवीडी व कैसेट की छानबीन शुरू की है।