बुलंदशहर जनपद की क्राइम ब्रांच के दो सिपाहियों पर खाकी वर्दी को दागदार कर देने वाला शर्मनाक आरोप लगा है। बागपत के मवी कलां गांव के युवक अनिल शर्मा का आरोप है कि दोनों पुलिस वालों ने उससे मोस्ट वांटेड राहुल खट्टा का ठिकाना पूछते हुए उसे थर्ड डिग्री दी। उसे पिलर से बांधकर फट्टे से पीटा। इलेक्ट्रिक रॉड से उसके नाजुक अंगों पर करंट लगाया। उसकी पत्नी के सामने ही उसे पेशाब पिलाया।
उसने बृहस्पतिवार की दोपहर बड़ौत के बसपा विधायक लोकेश दीक्षित के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर जमकर हंगामा किया। एसपी शरद सचान ने पूरे मामले की जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा यदि ऐसा हुआ है तो आरोपी पुलिस वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। अनिल ने बताया 21 फरवरी की रात में करीब 12.30 बजे सादी वर्दी में आए दो पुलिस वाले उसे घर से उठाकर ले गए।
पहले उसे बालैनी के पास ही एस्सार पेट्रोल पंप के नजदीक एक कमरे में फट्टे से पीटा और करंट लगाया। इसके बाद 22 को उसे बुलंदशहर के शिकारपुर के एक मैनेजमेंट कॉलेज ले जाया गया। वहां एक कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा। फिर बुलंदशहर के ही अहमदगढ़ थाना ले गए। सुशील और गुड्डू नाम के दो सिपाही उससे पूछते रहे कि राहुल खट्टा कहां हैं और लगातार पीटते रहे। उसकी पत्नी पिंकी और बहन सविता उसे छुड़ाने पहुंची।
अनिल का आरोप है कि उसने पुलिस वालों से पानी मांगा, तो गिलास में अपना पेशाब ले आए और बोले, तू राहुल खट्टा का साथी है, वो तेरे पास आता है, तुझे पानी नहीं, पेशाब पीना पड़ेगा और उसे जबरन पेशाब पिला दिया। यह सब उसकी पत्नी पिंकी के सामने किया।