शिवसेना ने एक बार फिर पाकिस्तान पर आंखें तरेरी हैं। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा है कि पाकिस्तान लगातार सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। हमारे 13 गांवों पर हमला किया है इसलिए अब समय आ गया है कि पाकिस्तान पर हमला कर उसको सबक सिखाया जाए।
शिवसेना के मुखपत्र सामना में ‘पाकियों को ठोको’ शीर्षक के तहत लिखे संपादकीय में उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तानी सेना ने एक महीने में 25 बार सीज फायर का उल्लंघन किया है।
22 चौकियों और 13 गांवों पर हमला किया है, जिससे दो नागरिकों को मौत हो चुकी है लेकिन घायलों की गणना नहीं हुई है। सन 2003 के बाद यह सबसे बड़ा शस्त्र उल्लंघन है लेकिन हम बुझे हुए पटाखे की तरह ठंडे हैं। अब हमें बता देना चाहिए कि दिल्ली में मर्दों का राज आ गया है। देश की जनता को भी ठोस जवाब की अपेक्षा है।