गुजरात के अहमदाबाद में अपराध शाखा की टीम ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाख के संयुक्त पुलिस आयुक्त एके शर्मा ने रविवार को बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि जमालपुर इलाके में छिपे दो लोग सेना के बारे में गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेज रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर छापे मारे गए।
उन्होंने बताया कि दोनो एजेंटों के पास से कई गोपनीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शर्मा ने बताया कि दोनों में से एक सिराजुद्दीन चार वर्ष पहले कथित तौर पर अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए पाकिस्तान गया था। उसी दौरान आईएसआई के एक अधिकारी ने उससे संपर्क करके उसे अहमदाबाद और भुज में भारतीय सेना की गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारियां भेजने के लिए राजी कर लिया। इसके लिए उसे 15 दिन का प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण के बाद सिराजुद्दीन अहमदाबाद लौटा और उसने अपने दोस्त मोहम्मद अयूब को अपनी मदद के लिए राजी कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वे दोनों ई-मेल के जरिये कूट भाषा में जानकारियां भेजा करते थे। उनके फोन काल के ब्यौरे से खुलासा हुआ कि वे देश के कई राज्यों के लोगों के संपर्क में थे। इन एजेंटों की जानकारियों के एवज में आईएसआई अब तक उन्हें 2.5 लाख रुपये भेज चुकी है। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।