पूर्वांचल में शीतलहर और गलन का कहर जारी है। शनिवार की रात से रविवार तक ठंड से 26 लोगों की मौत हो गई। वाराणसी में पांच, जौनपुर में चार, चंदौली, भदोही और गाजीपुर, मिर्जापुर में तीन-तीन और मऊ में दो की जान गई। इसके अलावा सोनभद्र, बलिया और आजमगढ़ में ठंड से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जौनपुर के बक्शा निवासी हृदय उपाध्याय (64) अलीशाहपुर में रिश्तेदार के घर गए थे। वापस आते समय ठंड लगने से मौत हो गई। नेवढ़िया के हथेरा के नयेपुर निवासी गंगाजली पत्नी रामकरन पटेल (55) को रविवार सुबह ठंड लग गई। उनकी मौत हो गई। मछलीशहर के सराय मोहल्ला निवासी गोपाल पटवा (55) की ठंड से रविवार दोपहर मौत हो गई। बक्शा थाना क्षेत्र के सुजियामऊ गांव निवासी संतोष निगम (36) की शनिवार रात ठंड से मौत हो गई। चंदौली के माधोपुर गांव निवासी उमाशंकर सिंह (59), उकनी बीरमराय गांव निवासी इस्लाम (28), धपरी गांव निवासी काशी प्रसाद बिंद (60) की रविवार को ठंड लगने से मौत हो गई।
भदोही के सिहरोजपुर में रामबली (55), बरमोहनी में अमरजीत गौतम (50) तथा अहिमलपुर में रामजतन प्रजापति (40) की ठंड लगने से मौत हो गई। गाजीपुर के देवरिया गांव में रविवार को ठंड लगने से ज्ञानी देवी (48), बेमुआ गांव में होमगार्ड राजनारायन पांडेय (40), नेवादा गांव में सेवानिवृत्त शिक्षक मंगला राय (75) की मौत हो गई। मिर्जापुर के अहुगी कला निवासी राजेंद्र पांडेय (58) की शनिवार को ठंड से मौत हो गई। जमुई गांव निवासी कैलाश (65) की शनिवार रात ठंड से मौत हो गई। डढ़िया गांव निवासी पप्पू की पुत्री बसंती (14) की शनिवार की शाम ठंड से मौत हो गई।
मऊ में सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर गांव निवासी कपूरचंद (75) की रविवार को ठंड से मौत हो गई। कोपागंज थाना क्षेत्र के मूंगमास निवासी किसमी देवी (70) की रविवार सुबह ठंड से मौत हो गई। सोनभद्र के रेनुकूट बाजार निवासिनी नफीसा (50) पत्नी नईम कुरैशी को शनिवार की सुबह ठंड लग गई थी। मंडलीय चिकित्सालय में रविवार की सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। बलिया के दयाछपरा में रामचंद्र बंसफोर (60) की ठंड लगने से मौत हो गई। आजमगढ़ में गंभीरपुर थाने के श्रीरामगंज बाजार के पास स्थित पेट्रोल पंप कर्मी राजेश (25) पुत्र वंशी की ठंड से मौत हो गई।
वाराणसी के लोहता क्षेत्र के कोरौता में ठंड लगने से बाढू (28) की मौत हो गई। रोहनिया क्षेत्र के जयापुर के बागीचे में बनवासी (29) नामक एक युवक की ठंड से मौत हो गई। बनवासी मिर्जापुर जिले के मंसूदपुर गांव का निवासी था और जयापुर गांव में मजदूरी करके गांव लौट रहा था। बड़ागांव थाना क्षेत्र के सेहमलपुर गांव में चौहरजा पांडेय (55) की मौत हो गई। चोलापुर क्षेत्र के सरैयां में पार्वती (50) एवं भनपुरवा निवासी नीरीराम (60) की मौत का कारण भी परिवार वालों ने ठंड लगना ही बताया है।
इलाहाबाद में रविवार सबसे ठंडा दिन
इलाहाबाद में शीतलहर का कहर जारी है और राहत मिलने की भी उम्मीद नहीं है। लोगों को मौसम ने फिर झटका दिया और रविवार को न्यूनतम पारा चार डिग्री से. पर जा पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार (28 दिसंबर) इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। आज अधिकतम पारा 15.8 डिग्री से. दर्ज किया गया। इसके पहले 25 दिसंबर को भी न्यूनतम पारा 4 डिग्री से. था, लेकिन उस दिन अधिकतम पारा 21.3 दर्ज किया गया था।
ठंडी पछुवा और पूर्व से आई नम हवा के गठजोड़ ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। रविवार को भी घना कोहरा पड़ा। हालांकि, दोपहर बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन शीतलहर जारी रही। वातावरण में व्याप्त सौ फीसदी आर्द्रता ने सर्दी को और गंभीर बना दिया है। दूसरी ओर ठंड से मौतों का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। कौड़िहार प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे की राजकुमारी (55 वर्ष) की ठंड से मौत हो गई। वहीं हंडिया के सियाडीह गांव निवासी घनश्याम मौर्या (44 वर्ष) की भी ठंड से मौत हो गई। सोरांव निवासी सूर्यमणि तिवारी की पत्नी विमला (50) की भी ठंड के चलते जान चली गई। एक अन्य जानकारी के मुताबिक शहर के जीरो रोड स्थित एक मकान के चबूतरे पर 60 वर्षीय व्यक्ति लावारिस हालत में मृत पाया गया। पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग की मौत ठंड लगने से हुई। दूसरी ओर मौसम विज्ञानी एवं प्रो. एसएस ओझा ने संभावना जताई कि मौसम का यह मिजाज अभी दो तीन और देखने को मिलेगा। उसके बाद ही थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बेहद कम रही विजिबिलिटी, बाल-बाल बचे कई वाहन चालक
घने कोहरे के चलते रविवार सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही। स्थिति यह थी कि सड़कों पर हेड लाइट जलाए बगैर गाड़ी चलाना मुश्किल था। घने कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकराने से बाल बाल बचे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नही हुआ। कोहरे का आलम यह था कि दोपहर में सूर्य निकलने के बाद भी कोहरा का असर कुछ खास कम नहीं हुआ।
बर्फीली हवाओं का कहर जारी, नौ की मौत
कानपुर में बर्फीली हवाओं और कोहरे की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। रविवार को पूरा दिन धूप के दर्शन नहीं हुए। दिन में भी धुंध छाई रही। कानपुर में दिन का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं इटावा, हरदोई, उन्नाव में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया।
बांदा फतेहपुर और हमीरपुर में पांच डिग्री जबकि फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरेया और जालौन में पारा 6 डिग्री रहा। ठंड के प्रकोप की वजह से मध्य यूपी में बीते 24 घंटे में नौ लोगों की मौत हो गई। फर्रुखाबाद में पांच, उन्नाव में दो, हमीरपुर में एक कन्नौज में एक शख्स की जान चली गई। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। नए वर्ष में बारिश होने की संभावना है।
इंटरमीडिएट तक के स्कूल-कालेज चार तक बंद
वाराणसी में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल-कालेज चार जनवरी तक बंद कर दिए हैं। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने बताया कि यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संचालित सभी निजी और सरकारी विद्यालयों पर यह आदेश लागू होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने आठवीं तक के विद्यालयों को पहले से ही 10 जनवरी तक बंद कर रखा है।
कोहरे में गुम हो गया ताजमहल
आगरा में ताजमहल अभी कितना और दूर है। ताजमहल के मुख्य प्रवेश द्वार यानी रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म पर रविवार की सुबह सैकड़ों सैलानियों का सबसे पहला सवाल एएसआई और सीआईएसएफ जवानों से यही था। घने कोहरे में ताज रविवार की सुबह गुम हो गया। ज्यादातर पर्यटकों ने प्रवेश द्वार पर ताज का रास्ता भी पूछा। सीजन के सबसे सर्द दिन रहे रविवार को दोपहर 12 बजे के बाद ही दूर से ताज का दीदार मुमकिन हो पाया। सेंट्रल टैंक से ताज के साए तले फोटो खींचने के लिए लोगों को दो बजे का इंतजार करना पड़ा।
रविवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री पर उतर गया। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिन में पारा 17.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। सुबह दृश्यता शून्य ही रही, जबकि दोपहर में धूप कोहरे के आगे बेअसर साबित हुई। सुबह एक्सप्रेस वे और रेलवे की रफ्तार धीमी रहने से दो बजे के बाद ताज पर पर्यटक पहुंचे। शाम तक पहुंचे सैलानियों ने आनन-फानन में ताज का दीदार किया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिन तक कड़ाके की सर्दी के आसार हैं। पाला भी पड़ सकता है। सुबह बेहद घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। दिन और रात के तापमान में अभी बदलाव के आसार नहीं हैं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर बरती ऐहतियात
कोहरे ने रेलवे के साथ सड़क यातायात की रफ्तार थाम दी है। रविवार को घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेव वे पर वाहनों को रोक-रोक कर निकाला गया। एक्सप्रेस वे पर दर्जनों वाहनों के एक साथ भिड़ने के हादसे के बाद रविवार को जेवर और खंदौली टोल प्लाजा पर वाहनों को रोका गया। सुबह 10 बजे तक दृश्यता शून्य ही रही। तेज रफ्तार वाहनों के बीच हादसे रोकने के लिए अथारिटी ने यह ऐहतियात बरती।