गाजियाबाद की गलियों से निकलकर आतंक की दुनिया का खूंखार चेहरा बन बैठे अब्दुल करीम उर्फ टुंडा ने दिल्ली पुलिस के शिकंजे में कई सनसनीखेज राज उगले हैं।
देश का यह दुश्मन लश्कर-ए-ताइबा, जैश-ए-मोहम्मद, आईएसआई, इंडियन मुजाहिदीन, हूजी, तालिबान और बब्बर खालसा समेत अन्य आतंकी संगठनों का दाहिना हाथ रहा है। उसने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से नजदीकियों को भी स्वीकार किया है।
सवाल नंबर-1
--आईएसआई से तुम्हारा क्या संबंध है। हाफिज सईद और दाऊद से तुम्हारा क्या रिश्ता है?
जवाब: मैं आईएसआई की मदद से मदरसा चलाता हूं। दाऊद और हाफिज सईद भी भारत के खिलाफ जेहादी काम कर रहे हैं, इसीलिए हम सभी साथ-साथ हैं।
सवाल नंबर-2
--क्या दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में है?
जवाब: दाऊद कराची में कड़ी सुरक्षा और आईएसआई के संरक्षण में रहता है। वह घर से कम ही निकलता है।
सवाल नंबर-3
--9 अगस्त से पहले तुम कहां थे और भारत आने का तुम्हारा मकसद क्या था?
जवाब: 8 अगस्त को मैं पाकिस्तान में था, वहां से पीआईए की फ्लाइट पकड़कर नेपाल पहुंचा। भारत आने का मेरा मकसद यहां आतंकी हमला करना था।
सवाल नंबर-4
--बब्बर खालसा इंटरनेशनल से तुम्हारा क्या संबंध है?
जवाब: 2005 के बाद बब्बर खालसा इंटरनेशनल के लोगों से मुलाकात हुई। बब्बर खालसा भारत में आतंकी हमले करना चाहता था। रतनदीप सिंह और वधवा सिंह के कहने पर 2010 में विस्फोटक भेजा, लेकिन वह पकड़ा गया।
सवाल नंबर-5
--तुमने बम बनाना कब शुरू किया?
जवाब: 10/12 साल की उम्र में पोटैशियम, शुगर व एसिड से चिंगारी निकालकर बच्चों को आकर्षित करता था। उसी से मोटीवेट होकर धीरे-धीरे बम बनाना शुरू किया।
सवाल नंबर-6
--कौन-कौन से आतंकी संगठनों से संबंध हैं?
जवाब: लश्कर-ए-ताइबा, जैश-ए-मोहम्मद, इंडियन मुजाहिदीन, हूजी और बब्बर खालसा इंटरनेशनल समेत अन्य आतंकी संगठनों से संबंध हैं और उन लोगों के टच में भी हूं।
सवाल नंबर-7
--भारत के खिलाफ जेहाद कब और क्यों शुरू किया?
जवाब: 1985 में महाराष्ट्र के भिवंडी में हुए दंगों में भाई की मौत के बाद जेहादी हो गया। तभी से छोटे-मोटे बम बनाकर विस्फोट शुरू किए।1993 में ट्रेनों में बम ब्लास्ट कर बड़ा हमला किया।
सवाल नंबर-8
--आतंकी संगठनों के लिए तुम्हारा मुख्य काम क्या है?
जवाब: आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए युवा लड़कों का चयन कर उन्हें मोटीवेट करना, साथ ही विस्फोट करने वाली जगहों पर अपने नेटवर्क के जरिये सामान पहुंचाना।
सवाल नंबर-9
--कितने साल से तुम जेहाद की ट्रेनिंग दे रहे हो, पाकिस्तान में तुम्हारा मदरसा कब से है?
जवाब: करीब 28 साल से लोगों को जेहाद के लिए उकसा रहा हूं। 15 साल पहले पाकिस्तान के करांची में मदरसा कायम कर युवाओं और बच्चों को मोटीवेट करके जेहाद का पाठ पढ़ाता हूं।
सवाल नंबर-10
--क्या तुम भारत के टॉप 20 मोस्ट वांटेड (सभी के नाम उसे बताए गए) को जानते हो, क्या वह भी तुम्हें जानते हैं?
जवाब: हां, भारत के सभी टॉप 20 मोस्ट वांटेड को जानता हूं, सभी एक दूसरे के संपर्क में रहते हैं। सभी भारत के खिलाफ काम करते रहते हैं।