मुरादाबाद के कांठ में एसिड अटैक से तिलमिला रही बिटिया ने मुंह सिल लिया है। जिस दबंग ने उसका जीवन बर्बाद किया उस परिवार से वह इतनी सहमी है कि कोर्ट में कह दिया कि शौचालय साफ करते उससे ही तेजाब गिर गया। बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो किया लेकिन गिरफ्तारी की कोशिश तक नहीं की। इसी बीच दबंग लड़की के परिवार वालों को धमकाते रहे।
कांठ निवासी पीड़ित बीए सेकेंड ईयर की छात्रा है। जिस घर में उसका परिवार मेहनत मजदूरी करता था वहां के लड़के मनी ने उस पर बुरी नजर डाली। वह छेड़छाड़ तो आए दिन करता था लेकिन किसी तरह खुद को लड़की बचाती रही।
बृहस्पतिवार को मनी का जब लड़की ने विरोध किया तो वह हिंसक हो गया। बिटिया के घर में घुसकर उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया। मामले में दबंगों ने उल्टा ही पीड़ित परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी के बचाव की स्क्रिप्ट लिख दी गई। तय हो गया कि कहना है शौचालय साफ करते हुए तेजाब गिरा।