पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के दौरान महिलाओं के साथ डांस करने और उन पर पैसे बरसाने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से निलंबित कर दिया।
यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के भंगोर गांव में हुई थी। पार्टी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने टि्वटर पर लिखा है कि संगठन के अनुशासन समिति की बैठक में इन पार्टी कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इन्हें पार्टी से निष्कासित करने की संभावना से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अकेली घटना है और इसमें शामिल किसी भी पार्टी कार्यकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डेरेक ने कहा कि इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है। ब्रायन के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनसे स्पष्ट कहा था कि वह ऐसे कृत्यों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी। पहले
उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी ने कल की इस घटना की निंदा करते हुए आश्वासन दिया था कि इसमें शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना टेलीविजन चैनलों पर दिखाई गई थी जिस पर विपक्ष ने काफी हंगामा किया और लोगों ने इसे भद्दा और आपत्तिजनक बताया था।