तमिलनाडु के स्थानीय उद्यानिकी विभाग ने 300 से ज्यादा ट्रॉफियों और शील्डों पर उल्टा तिरंगा छपने की गंभीर चूक की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
इन ट्रॉफियों और शील्डों को नीलगिरि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हाल ही में हुए समर फेस्टिवल के दौरान प्रतियोगियों को प्रदान किया गया था। इस बड़ी गलती का पता तब चला जब मद्रास रेजिमेंट सेंटर के प्रतियोगियों समेत कई प्रतियोगियों ने इस बात की शिकायत की।
मद्रास रेजिमेंट के प्रतियोगियों ने इस फेस्टिवल के दौरान करीब 60 ट्रॉफियों एवं शील्ड पर कब्जा जमाया था। विभागीय सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी अर्चना पटनायक ने उद्यानिकी विभाग के अन्य आईएएस अधिकारी एवं एक आईपीएस अफसर की मौजूदगी में विजेताओं को शील्डें प्रदान की थीं।
वहीं, उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से जब इस भारी भूल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह छापने वाले की गलती है इसके लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं।