ताज महोत्सव के तहत सदर बाजार के मंच पर बुधवार को आयोजित फैशन शो में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को दरकिनार कर दिया गया। समलैंगिक युवाओं ने रैंप पर न केवल कैटवॉक की, बल्कि मंच पर आयोजकों ने उन्हें हीरो की तरह पेश किया। एसिड अटैक फाइटर्स युवतियों के साथ भी समलैंगिकों ने कैटवॉक की।
रिवाज इंवेट्स की ओर से आयोजित फैशन शो में एसिड अटैक फाइटर्स युवतियों के साथ समलैंगिक युवाओं ने रैंप पर कैटवॉक की। एक के बाद एक सात एसिड अटैक फाइटर्स ने कैटवॉक कर संदेश दिया कि वे समाज में उसी जज्बे और हौसले के साथ आगे बढ़ने को तैयार हैं।
शो में न्यूजीलैंड, दिल्ली, बंगलूरू से आए 20 समलैंगिक युवकों ने चार राउंड में अपने परिधानों का प्रदर्शन किया। इन समलैंगिक जोड़ों में भारतीय मूल के पेंटर बलवीर अपने पार्टनर माइक उर्फ किशन के साथ आए। विकलांग बलवीर व्हील चेयर पर मंच पर आए तो संचालक ने उनका परिचय कराया।
शो को देखने के लिए अमूमन खाली पड़ी रहने वाली सदर बाजार की दर्शक दीर्घा खचाखच भरी हुई थी। दर्शकों में युवाओं के साथ काफी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी शामिल थीं। पांच राउंड में हुए फैशन के तीसरे चरण में श्रीलंका से आईं पांच मॉडल्स ने परिधानों का प्रदर्शन किया।
इस अनोखे फैशन शो की फोटोग्राफी करने के लिए इटली से फ्रेडरिको भी आए। ड्रेस डिजाइन अतुल कुमार, प्रिया बंसल और शालू जैन ने किए। कोरियोग्राफर रिवाज संस्था की अंशिका सक्सेना ने दर्शकों का शुक्रिया किया। संचालन नीलेंद्र श्रीवास्तव ने किया।