रेल से सफर करना अब और महंगा हो जाएगा। रेलवे ने अगले हफ्ते से यात्री किराए और माल भाड़े में लगभग दो फीसदी की बढ़ोतरी करने को हरी झंडी दे दी है।
रेलवे ने यह फैसला डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों, कर्मचारियों के वेतन और बोनस भुगतान के दबाव में लिया। रिपोर्ट के अनुसार एसी और स्लीपर क्लास में किराया करीब दो फीसदी बढ़ेगा, जबकि रेल भाड़े में 1.7 फीसदी की वृद्धि होगी।
यह बढ़ा किराया संभवत: 10 अक्तूबर से प्रभावी होगा। उल्लेखनीय है कि डीजल के लगातार बढ़ते दामों के चलते कुछ महीनों पहले सरकार ने रेलवे में फ्यूल एडजेस्टमेंट कंपोनेंट (एफएसी) योजना को लागू करने की घोषणा की थी।
इसके तहत डीजल की कीमत बढ़ने के प्रतिशत में ही रेल किराए में इजाफा करने की बात कही गई थी। बजट प्रस्ताव के तहत आए एफएसी में ये फैसला लिया गया था कि डीजल की बढ़ी कीमत के अनुपात में ही रेल किराया बढ़ाया जाएगा।