गुजरात में हुए 2002 के दंगों में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को अहमदाबाद कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद शुक्रवार को वो हुआ, जो अब तक नहीं हुआ। मोदी ने पहली बार गुजरात के दंगों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए दिल का दर्द उड़ेला।
मोदी ने अपने ब्लॉग के जरिए गुजरात दंगों पर अपनी बात कही। नरेंद्र मोदी ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि सच्चाई की जीत हुई है- सत्यमेव जयते।
मोदी ने लिखा कि 2001 के भीषण भूकंप ने गुजरात को मौत, तबाही और हताशा के काले अंधेरे में धकेल दिया था। सैकड़ों जानें गईं। लाखों लोग बेघर हो गए। जिंदगी तबाह हो गई। ऐसे भयानक हालात में मुझे लोगों को संभालने और जिंदगियां दोबारा बनाने का काम दिया गया। और हमने इस चुनौती को दिल से स्वीकार करते हुए पूरी शिद्दत के साथ काम शुरू किया।
केजरीवाल के लिए युवक ने काटी हाथ की नस
'आप' कार्यालय में अरविंद केजरीवाल के जनता दरबार में अरविंद के लिए खून बहा देने की कसम खाते हुए एक युवक ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली।
शुक्रवार को दिल्ली निवासी जमील अहमद जनता दरबार में आए और शिकायतकर्ताओं की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। जमील की बारी आने पर उसने केजरीवाल से कहा कि वह उनके लिए खून भी बहा सकता है।
इतने ने उसने ब्लेड निकाला और अपने बाएं हाथ पर कलाई से कुछ इंच ऊपर दो बार वार किया। खून बहने लगा और जनता दरबार में अफतराफरी मच गई।
सैफई महोत्सव में मुलायम का 'फैमिली ड्रामा'
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के गढ़ इटावा में सैफई महोत्सव के शानदार आगाज के बाद इसकी आलोचना शुरू हुई। इस महोत्सव में पहले दिन सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव अपने पूरे कुनबे के साथ मौजूद रहे। भाजपा ने सैफई महोत्सव की आलोचना करते हुए कहा है कि सरकारी खर्च पर मुलायम का कुनबा जश्न मना रहा है।
महोत्सव में पहले दिन का माहौल उत्सव का कम, मुलायम फैमिली के राजनीतिक ड्रामे का ज्यादा रहा। इस मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव; सबने राजनीतिक बयान दिए।
अखिलेश के अफसरों का बेतुका बयान
उत्तर प्रदेश के नेता और आला अधिकारी अपने ऊटपटांग बयानों से मुजफ्फरनगर दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। राज्य के प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता के मुताबिक राहत शिविरों में अधिकतर बच्चों की मौत बाहर के इलाज के बाद हुई है। उन्होंने कहा कि यह आरोप गलत है कि बच्चों की मौत ठंड से, इलाज के अभाव से या किसी तरह की महामारी से हुई।
जब प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता से पूछा कि ज्यादातर बच्चों की ठंड से मौत होने की बात सामने आ रही है, इस पर उन्होंने उल्टा सवाल किया कि ठंड तो साइबेरिया में पड़ती है, तो क्या वहां लोग ठंड से मर जाते हैं?
प्रमुख सचिव गृह की इस टिप्पणी पर खासी चर्चा हुई। पूर्व में भी कई अधिकारियों द्वारा कई बार ऐसी ही टिप्पणियां की जा चुकी हैं।
डौंडियाखेड़ा में खुदाई पर खर्च हुए लाखों
पूरी दुनिया की निगाह का केंद्र बने डौंडियाखेड़ा में सोने की तलाश में की गई खुदाई में 2 लाख 78 हजार रुपये का खर्चा आया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण लखनऊ मंडल के 11 सदस्यों को उत्खनन कार्य में ईसापूर्व से 19वीं सदी तक के पुरावशेष मिले। आरटीआई के तहत मांगने पर पुरातत्व विभाग ने यह जानकारी दी है।
सामाजिक कार्यकर्ता दानिश खां निवासी रामपुर ने पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग से डौंडियाखेड़ा में की गई खुदाई के संबंध में आरटीआई के तहत सूचनाएं मांगी थीं। इसके जवाब में उप अधीक्षण पुरातत्वविद एंव केंद्रीय जन सूचना अधिकारी लखनऊ मंडल इंदु प्रकाश ने जानकारी उपलब्ध कराई है।
शरणार्थी परिवारों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के तल्ख बयान के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर दंगे के राहत शिविरों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी।
मुजफ्फरनगर के सांझक में कब्रिस्तान की जमीन पर तंबू लगाकर रह रहे 30 शरणार्थी परिवारों के खिलाफ शाहपुर थाने में सरकारी जमीन कब्जाने की रिपोर्ट लिखाई गई है।
राहत शिविरों पर सरकार ने आंखें तरेरनी शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी राहत शिविरों को जल्द खत्म करने के लिए कहा है। सरकार का कड़ा रुख देख प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है।
पुलिस ने अनोखे तरीके से निकलवाई चेन
शुक्रवार को पुलिस के सामने एक अजीबोगरीब स्थिति आई लेकिन आखिरकार उसे कामयाबी मिल ही गई। मामला काफी पेचीदा था, लेकिन समझदारी से काम लेते हुए चोरी हुआ माल दोबारा हासिल कर लिया गया।
लंबी दूरी की एक ट्रेन में चेन झपटमार ने एक डॉक्टर से 11 ग्राम सोने की चेन हथिया ली थी, और उसे निगल गया।
पुलिस ने झपटमार को आठ दर्जन केले खिलाकर यह चेन वापस हासिल कर ली।
कांग्रेस विधायकों को मिली धमकी
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने से पूर्व कांग्रेस के चार विधायकों के घर धमके कथित तौर पर आलाकमान के भेजे दूत ने इन्हें कहा कि केजरीवाल सरकार के समर्थन में वोट न करें।
हालांकि कांग्रेस विधायकों ने कहा है कि समर्थन को लेकर अटल हैं। आलाकमान की तरफ से ऐसा को आदेश नहीं मिला है कि समर्थन न करें।
विधायक चौधरी मतीन अहमद का कहना है कि रात को आए व्यक्ति की फोटो सीसीटीवी में कैद है। आने वाला व्यक्ति अपने को मलिक बता रहा था। उसने कहा है कि आलाकमान ने कहा है कि कुछ विधायक मिलकर आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट न करें।
अब जयाप्रदा को सपा ने घेरा
उत्तर प्रदेश के रामपुर में सांसद जयाप्रदा के बयान पर सपाइयों ने पलटवार किया। सपाइयों ने कहा कि सांसद को पांच सितारा होटल में रहने की आदत है ऐसे में उन्हें अब रामपुर का होटल गरीबों का लगने लगा है।
सपाइयों का कहना है है कि सांसद ने जो बयान दिया है, वह जनता का अपमान है। साथ ही पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह दस साल में रामपुर में अपना मकान तक नहीं बना पाईं ऐसे में वे क्या कर पाएंगी।
जयाप्रदा ने आरोप लगाया था कि प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां उनको रामपुर नहीं आने देना चाहते हैं। वो यहां जिस होटल में ठहरती थीं, उसको आजम खां ने यह कहकर मना करा दिया कि अगर जयाप्रदा को रुकने दिया तो होटल गिरवा दिया जाएगा।
यहां पढ़िए, खबरें विस्तार से
:- दंगों पर नरेंद्र मोदी का ब्लॉग
:- केजरीवाल के लिए युवक ने काटी हाथ की नस
:- सैफई महोत्सव में मुलायम का 'फैमिली ड्रामा'
:- अखिलेश के अफसरों का बेतुका बयान
:- डौंडियाखेड़ा में खुदाई पर खर्च हुए लाखों
:- शरणार्थी परिवारों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
:- पुलिस ने अनोखे तरीके से निकलवाई चेन
:- कांग्रेस विधायकों को मिली धमकी
:- अब जयाप्रदा को सपा ने घेरा