जेडीयू ने पांच बागी सांसदों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। माना जा रहा है कि ये लोग अब बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
राज्यसभा सांसद शिवानंद तिवारी समेत जयनारायण निषाद, पूरणमासी राम, मंगनी लाल मंडल औऱ सुशील कुमार सिंह को भी जेडीयू ने पार्टी से निष्कासित कर दिया।
गौरतलब है कि शिवानंद तिवारी ने सीएम नीतीश कुमार को तानाशाह और अहंकार से भरा बताया था। पिछले काफी दिनों से तिवारी जिस तरह से मोदी के पक्ष में बोल रहे थे और अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रहे थे उससे माना जा रहा है कि वो बीजेपी के पाले में बैठ सकते हैं।
वो डिब्बा जिसके कारण भड़का गुजरात दंगा
गोधरा रेलवे स्टेशन के बैकयार्ड में हमेशा एक खामोश सन्नाटा पसरा होता है। यही वह जगह है जहां साबरमती एक्सप्रेस के जले हुए डिब्बे खड़े हैं।
इसमें सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनाई नहीं देती लेकिन पिघली हुई लोहे की छड़, राख में तब्दील हो चुकी सीटें और मकड़ी की जालों से घिरे पंखे यह बताते हैं कि ठीक 12 साल पहले इसी ट्रेन के दो कोचों में आगजनी की घटना में 59 लोग जिंदा जल गए थे।
27 फरवरी, 2002 को जिस साबरमती एक्सप्रेस के साथ ये हादसा हुआ था, उसके बाकी सारे कोच अपने गंतव्य तक पहुंचे लेकिन दो कोच यहीं खड़े हैं। जिनके इर्द-गिर्द सुरक्षाबलों का घेरा है। आज भी गोधरा स्टेशन पर जब नीले रंग की साबरमती एक्सप्रेस का नया एस6 कोच ठहरता है तो हर बार लोगों की आँखें इस कोच को देखने के लिए उठ जाती हैं।
राहुल को मारने की फिराक में आतंकी
बड़ी खबर आ रही है कि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी बब्बर खालसा और आईएम के निशाने पर हैं। इसी लिहाज से उनकी सुरक्षा के बंदोबस्त किए जा रहे हैं। उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त करने के लिए एसपीजी के एआईजी संजय चौहान के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम बनारस पहुंच गई है।
गौरतलब है कि राहुल 28 फरवरी को बाराबंकी के देवां शरीफ में मत्था टेककर चादर चढ़ाएंगे। एक मार्च को राहुल गांधी बनारस जाएंगे। वहां पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद रिक्शे वालों के साथ एक बैठक करेंगे।
लोकसभा के लिए AAP ने उतारे अपने 30 लड़ाके
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 30 उम्मीदवारों के नाम हैं।
सभी सियासी पंडितों को चौंकाते हुए 'आप' ने महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी को पूर्वी दिल्ली से उतारा है। माना जा रहा था कि राजमोहन गांधी को नरेंद्र मोदी के खिलाफ उतारा जा सकता है।
वहीं हरियाणा से पार्टी ने पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। रोहतक से नवीन जयहिंद, कुरुक्षेत्र से बलविंदर कौर, सिरसा से पूनम चंद रत्ती, हिसार से युद्धबीर सिंह ख्यालिया और सोनीपत से जयसिंह ठेकेदार उम्मीदवार होंगे।
सुब्रत राय के घर पहुंची पुलिस
सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही। और जो घटनाक्रम अब तक पेश आया है, उससे यह साफ हो चुका है कि उन्हें अब अदालत के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश होना ही होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना के मामले में पेश न होने की वजह से उनके खिलाफ गैर-जमानती वॉरंट जारी कर दिया था। इसके बाद यह सवाल उठने लगा था कि क्या उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरुवार को वह दिन आया, जब पुलिस गैर जमानती वॉरंट की तामील कराने लखनऊ स्थित सहारा श्री सुब्रत रॉय के घर पहुंच गई। हालांकि, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाजपा में शामिल होंगे जगदंबिका पाल
उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी की सोशल इंजीनियरिंग कामयाब होती दिख रही है। इंडियन जस्टिस पार्टी के नेता उदित राज हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। अब कांग्रेस नेता जगदंबिका पाल की भी भाजपा में शामिल होने के संभावना जताई जा रही है।
माना जा रहा है कि जगदंबिका पाल उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कामकाज से नाखुश हैं। आगामी चुनावों में उन्हें हार की आशंका भी है।
जगदंबिका पाल उत्तर प्रदेश के उन चुनिंदा नेताओं में हैं, जिन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। राहुल के करीबी होने के कारण ही उन्हें संसद में इस्टिमेट कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
सलमान खुर्शीद के बयान से राहुल नाखुश
भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी को 'नपुंसक' कहने पर विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद पर विरोधियों के हमले शुरू हो गए थे। यहां तक कि भाजपा के अलावा समाजवादी पार्टी ने भी उनके इस बयान पर ऐतराज जताया।
हालांकि, नरेंद्र मोदी ने इस पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। आज दिल्ली में कारोबारियों को संबोधित करते हुए मोदी ने विकास का एजेंडा दोहराया, लेकिन सलमान पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
सलमान खुर्शीद के लिए अब तक राहत की बात यह थी कि उनके पार्टी आला कमान की तरफ से कोई बयान नहीं आया था। लेकिन अब यह राहत भी खत्म हो गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सलमान खुर्शीद का दिल तोड़ दिया है।
'रागिनी MMS-2 रिलीज हुई तो बहा देंगे खून'
बालाजी फिल्म प्रोडक्शन की आने वाली फिल्म रागिनी एमएमएस 2 को लेकर कनॉट प्लेस स्थित पीवीआर रिवोली को धमकी मिली है।
खून से लिखे धमकी भरे पत्र में फिल्म को रिलीज करने को लेकर मना किया गया है। पत्र में कहा गया है कि बालाजी फिल्म प्रोडक्शन की फिल्में हिंदू संस्कृति के खिलाफ होती हैं।
नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि खून से लिखा धमकी पत्र मिला है। पत्र को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पत्र को लेकर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जब शुक्रवार को फिल्म रिलीज होगी तो पूरी सुरक्षा दी जाएगी।
सेना के जवान ने साथियों को गोली मारी
जम्मू-कश्मीर में गांदरबल जिले के मानसबल कैंप में सेना के जवान ने अपने ही पांच साथियों की गोली मार कर हत्या कर दी और खुद भी खुदकुशी कर ली।
पुलिस ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात मानसबल कैंप में राष्ट्रीय रायफल के जवानों के बीच किसी बात पर झड़प हो गई। झड़प के बाद एक जवान ने गुस्से में आकर अंधाधुंध फायरिंग की।
अमेरिका में खुदाई में निकाला खजाना
अमेरिका में कैलिफोर्निया के एक दंपति को अपनी ज़मीन में गड़े सोने के सिक्के मिले हैं। इस तरह के सिक्कों के कारोबार करने वालों ने इन सिक्कों का मूल्य तक़रीबन एक करोड़ डॉलर आंका हैं।
सिक्कों के विशेषज्ञ डेविड हाल ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि इस दंपति को कुल 1427 सिक्के मिले हैं। ये सिक्के 1847 से 1894 के बीच के हैं। इन सिक्कों का कभी प्रयोग नहीं किया गया। ये सिक्के उसी हाल में हैं जिन हाल में ये टकसाल से बनकर आए होंगे।