लोकसभा चुनाव अभी दूर हैं, जीत-हार तो और भी दूर। चुनाव बाद तो कभी किस्मत बदली नहीं लेकिन चुनावी हलचल के बीच फिलहाल तो वोटरों के दोनों हाथों में लड्डू आ ही गए हैं।
लोग कई दिनों से मोदी चाय की चुस्कियां ले ही रहे थे अब राम-रहीम चाय भी लांच हो गई है। सोमवार को बदायूं में समाजसेवियों ने राहगीरों को राम-रहीम चाय और बिस्कुट वितरित किए।
खास बात यह थी कि समाजसेवियों ने मोदी चाय के जवाब में इसका नाम राम-रहीम चाय रखा है। उनके अनुसार यह सांप्रदायिक सौहार्द के लिए है। चाय वितरण से यह संदेश दिया गया कि पुण्य प्रदान करने वाले माघ महीने में सभी सौहार्द के साथ रहें।
चाय वितरण के आयोजक हिंदू और मुसलमान सभी लोग रहे। ये आयोजन में समाजसेवी वयोवृद्ध पं. रामस्वरूप शर्मा की अगुवाई में हिंदू और मुसलमानों ने यह कार्यक्रम रखा।
यूपी में 24 घंटे कैसे बिजली देंगे नेताजी?
समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव को नरेंद्र मोदी का यह कहना कि 'गुजरात बनाने का मतलब नेताजी 24 घंटे बिजली' शायद ज़्यादा चोट कर गया।
इसलिए अपने गणतंत्र दिवस के भाषण में उन्होंने वादा कर दिया कि एक साल में उत्तर प्रदेश के निवासियों को 24 घंटे बिजली मिलेगी, लेकिन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शायद जोश में भूल गए कि सूबे में बिजली की स्थिति काफ़ी बुरी है।
हालात ऐसे हैं कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक गांव चिबोखेरा में बिजली मई 2013 में पहुंची, यानी आज़ादी के 64 साल बाद। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अभी 10,856 ऐसे गांव हैं जहां बिजली पहुंची ही नहीं है।
क्या 16 फरवरी को पास होगा दिल्ली लोकपाल बिल?
आम आदमी पार्टी ने अपनी घोषणा पत्र में किया एक और वादा निभा दिया। दिल्ली सरकार की कैबिनेट की बैठक में ‘दिल्ली लोकपाल बिल-2014’ को मंजूरी दे दी गई।
आम आदमी पार्टी इस कानून को लोकसभा चुनाव में हथियार के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है। संभवतः पार्टी ने बिल केंद्र सरकार के पास भेजे बिना पास कराने का फैसला किया है।
इतना ही नहीं उपराज्यपाल को भी भेजे बिना ही अरविंद केजरीवाल विधानसभा में पास कराना चाहते हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह बिल 16 फरवरी को इंदिरा गांधी स्टेडियम में पास कराने की घोषणा की।
केजरीवाल के मंत्री पर घोटाले का आरोप
दिल्ली के शिक्षा मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया पर आरोप लगा है कि उन्होंने अपने एनजीओ 'कबीर' के पैसे का निजी इस्तेमाल किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल भी इस एनजीओ कबीर की गवर्निंग बॉडी में शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के कंट्रोलर इसकी जांच कर रहे थे। जांच पूरी होने के बाद उनकी ओर से कहा गया है कि मनीष सिसोदिया ने जो खर्च बताए और उसके कागजात दिए, उसमे कोई समानता नहीं दिखती है।
जिन अनियमिततताओं के आरोप हैं, उनमें सिसोदिया की पत्नी को बिना रसीद के किराये देना, कर्मचारियों का ब्योरा न होना, कैशबुक का गायब होना, ऐसी यात्राओं के खर्च दिखाए गए हैं जिनका कोई हिसाब-किताब नहीं है।
'मेरे पति ने 6 और शादियां कर रखी हैं'
मध्यप्रदेश के भोपाल में रहने वाले 35 वर्षीय सैयद शहजाद अली की पत्नी ने पुलिस में शिकायत की कि उसके पति की 6 और पत्नियां हैं।
महिला सेल में की गई पत्नी की शिकायत के मुताबिक वह अपने पति शहजाद से पहली बार तब मिली, जब वह भोपाल के ऐशबाग इलाके में काम करता था। शहजाद ने उससे कहा कि वह उससे प्यार करता है और और उन्होंने पिछली फरवरी में शादी कर ली।
बाद में पत्नी को पता चला कि उनकी शादी कहीं रजिस्टर ही नहीं कराई गई थी और शादी के काफी समय बाद यह भी पता चला कि शहजाद ने इसी तरह 6 और शादियां कर रखी हैं और वह सभी फर्जी हैं।
बदरीनाथ के मुख्य पुजारी पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज
बदरीनाथ के मुख्य पुजारी वी केशवन नंबूदरी के खिलाफ दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र में महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है।
दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी के बाद बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के चेयरमैन गणेश गोदियाल ने रावल केशव प्रसाद नम्बूदरी को पद से हटा दिया है। अब उनकी जगह नायब पुजारी ईश्वर नम्बूदरी बदरीनाथ के नए रावल (मु्ख्य पुजारी) होंगे।
महिला का आरोप है कि वो वी केशवन नंबूदरी से होटल में मिली थी। रावल के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 के तहत मामला दर्ज हुआ है। रावल को दिल्ली की साकेत अदालत में दोपहर के बाद किया जाएगा।
दो साल से बदरीनाथ के मुख्य पुजारी की भूमिका में वी केशवन नंबूदरी के गिरफ्तारी के बाद मंदिर के मुख्य कार्यधिकारी बी डी सिंह ने कहा कि यह मामला दुर्भाग्यपूर्ण है।
लोकपाल पर 'आप' को कांग्रेस का झटका
कांग्रेस के नेता अरविंदर सिंह लवली ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी का जन लोकपाल बिल विधानसभा में रखना अवैध है।
लवली ने संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली विधानसभा में किसी भी बिल को रखने के लिए पहले उप राज्यपाल से मंजूरी लेनी होती है लेकिन आप की सरकार जन लोकपाल बिल के मामले में ऐसा नहीं कर रही है। इस कारण यह एक अवैध प्रक्रिया है।
लवली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली जनलोकपाल बिल 2014 के समर्थन में नहीं है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का यह विचार कि वह दिल्ली विधानसभा का सत्र इंदिरा गांधी स्टेडियम में बुलाना चाहते हैं, पूरी तरीके से असंवैधानिक है।
BJP और AAP के लिए कांग्रेस का ब्रह्मास्त्र
कांग्रेस को इस बात का पूरा अहसास है कि इस बार उसे सत्ता विरोधी लहर का सामना करना है। भ्रष्टाचार और घोटालों से जुड़े मामले बार-बार उठाए जा रहे हैं और इनसे निपटना आसान नहीं होगा। ऐसे में कांग्रेस ने अपने तरकश से सारे तीर निकाल लिए हैं।
पाइप के जरिए लोगों तक घरों में पहुंचने वाली गैस (पीएनजी) 20 फीसदी या 5 रुपए प्रति क्यूबिक मीटर घट जाएगी। इसके अलावा कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) दिल्ली में अब 30 फीसदी सस्ती हो गई है। 15 रुपए प्रति किलो दाम कम हो गए हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में कहा था कि 9 सिलेंडर से काम नहीं चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से रियायती सिलेंडर की संख्या 12 करने का आग्रह किया था। राहुल कहें और असर न हो, ऐसा मुमकिन नहीं। कुछ दिन बाद ही सरकार ने रियायती सिलेंडर की तादाद 9 से बढ़ाकर 12 कर दी।
क्रीम लगाकर गोरे न हुए तो शाहरुख पर करें मुकदमा!
हफ्ते भर में गोरा और महीने भर में काले, घने घुंघराले बालों का दावा करने वाले विज्ञापनों की अब खैर नहीं है। और ऐसे उत्पादों को प्रचार कर रहे सितारों की भी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय ऐसे विज्ञापनों पर नजर रखने के लिए एक मॉनिटरिंग पैनल बनाने पर विचार कर रहा है।
ये मॉनिटरिंग पैनल कैसा होगा? इसके पास क्या आधिकार होंगे? इन मुद्दों पर सुझाव देने के लिए केंद्रीय उपभोक्ता सरंक्षण परिषद ने एक सब कमेटी का गठन करने का फैसला किया है। कमेटी का गठन सप्ताह भर के भीतर कर लिया जाएगा।
केजरीवाल का एक और नामकरण!
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को रोजना नए-नए नामों से नवाजा जा रहा है। राजनीतिक दलों के कथित भ्रष्ट नेताओं की सूची जारी करने के बाद तो उनके खिलाफ बयानों की बाढ़ आ गई है।
उन्हें ताजा नाम कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने दिया है। मणिशंकर अय्यर ने अरविंद केजरीवाल को 'राजनीतिक जोकर' कहा है। मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री सभी के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं।
वह राजनीतिक के जोकर हैं। अय्यर ने कहा, 'कांग्रेस ने केजरीवाल को दिल्ली में सरकार बनाने का मौका दिया है। उन्हें इस मौके का इस्तेमाल करना चाहिए ओर समाज के लिए कुछ अच्छा काम करना चाहिए।'
मणिशंकर अय्यर ने कहा कि ये केजरीवाल की भ्रष्टाचारियों की सूची में मेरी नाम नहीं है। ये अच्छी बात है।
और यहां पढ़िए सभी खबरें विस्तार से
:- अब मोदी चाय के जवाब में राम-रहीम चाय लांच
:- यूपी में 24 घंटे कैसे बिजली देंगे नेताजी?
:- क्या 16 फरवरी को पास होगा दिल्ली लोकपाल बिल?
:- केजरीवाल के मंत्री पर घोटाले का आरोप
:- 'मेरे पति ने 6 और शादियां कर रखी हैं'
:- बदरीनाथ के मुख्य पुजारी पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज
:- लोकपाल पर 'आप' को कांग्रेस का झटका
:- BJP और AAP के लिए कांग्रेस का ब्रह्मास्त्र
:- क्रीम लगाकर गोरे न हुए तो शाहरुख पर करें मुकदमा!
:- केजरीवाल का एक और नामकरण!