हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि पीएम कहते हैं कि पेड़ पर पैसे नहीं उगते लेकिन यहां के सीएम की दौलत तो पेड़ों पर ही उगी है।
मोदी ने कहा कि वीरभद्र के नामांकन पत्र में जो संपत्ति बताई गई है वो सेब के पेड़ों की बदौलत ही 14 गुना बढ़ी है। मोदी ने कहा कि 'मैं पूछता हूं कि प्रधानमंत्री जी अब पैसे पेड़ पर कैसे उग रहे हैं'।
विदेशों में जमा काले धन को लेकर मोदी ने केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी तीर चलाए। मोदी ने कहा कि आपको काला धन लाने में डर क्यों है?
उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई भी इस बात से नहीं डर रहा तो आप क्यों काले धन को लाने में डरते हैं। मोदी ने कहा कि सिर्फ यूपीए ही नहीं कांग्रेस पार्टी में भ्रष्टाचारी मौजूद हैं।
AAP ने की उम्मीदवारों की घोषणा
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पत्रकारिता छोड़ मीडिया में आए आशुतोष दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेता कपिल सिब्बल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। कवि के तौर पर नाम कमाने वाले कुमार विश्वास यूपी के अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
समाजसेवी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वालीं मेधा पाटकर भी उत्तर पूर्वी मुंबई लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। आम आदमी पार्टी के थिंकटैंक के रूप में पहचान बनाने वाले योगेंद्र यादव गुड़गांव से चुनाव लड़ेंगे।
नितिन गडकरी के खिलाफ अंजलि दमानिया, मुलायम सिंह के खिलाफ बाबा हरदेव, मिलिंद देवड़ा के खिलाफ मीरा सान्याल, अजीत सिंह के खिलाफ सोमेंद्र ढ़ाका, लुधियाना से एचएस फुल्का, सलमान खुर्शीद के खिलाफ मुकुल त्रिपाठी, गुरूदास कामत के खिलाफ मयंक गांधी। नासिक से विजय पंढारे, महाबल मिश्रा के खिलाफ जरनैल सिंह, सुरेश कलमाडी के खिलाफ सुभाष पांडे, लाल गंज से डॉ। जिया लाल राम, पश्चिमी अरुणाचल से हारुन पयांग, खंडवा से आलोक अग्रवाल, बरगल ओडिशा से लिंगराज, सहारनपुर से योगेश दहिया और मुरादाबाद से खालिद परवेज को टिकट दिया गया है।
नेपाल में एक विमान हो गया लापता
अठारह यात्रियों को लेकर उड़ान भर रहा नेपाल एयरलाइंस का एक हवाई जहाज पोखरा एयरपोर्ट से रविवार दोपहर उड़ान भरने के बाद लापता हो गया है। नेपाल एयरलाइंस से मिली जानकारी के मुताबिक ट्विन औटर (9एन-एबीबी) नाम का ये विमान 15 यात्रियों को लेकर जुमला क़स्बे जा रहा था।
बीबीसी के मुताबिक इस विमान में 14 व्यस्क यात्रियों, एक बच्चे के अलावा चालक दल के तीन सदस्य शामिल हैं। एक यात्री यूरोपीय देश डेनमार्क के हैं। अधिकारियों का कहना है कि चालक ने भैराहावा हवाई अड्डे से स्थानीय समय के मुकाबिक़ आख़िरी बार दिन डेढ़ बजे संपर्क किया था।
नेपाल के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी विमलेश लाल कर्ण ने बीबीसी संवाददाता सुरेन्द्र फ़ुयाल को बताया कि दो हैलीकॉप्टरों को विमान की तलाश में भेजा गया है लेकिन ख़राब मौसम की वजह से इसमें दिक्क़ते पेश आ रही हैं।
मोदी ने कभी चाय नहीं बेची: पटेल
चाय बेचने का दावा कर अपनी साधारण पृष्ठभूमि का यकीन दिलाने की नरेंद्र मोदी की कोशिश पर सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने सवाल उठाए हैं।
अहमद पटेल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी का ‘चाय पे चर्चा’ सिर्फ चुनावी तमाशा है। ‘चाय पे चर्चा’ का यह नाटक सिर्फ चुनाव को ध्यान में रख कर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘टी सेलर्स एसोसिएशन ने मुझे बताया है कि नरेंद्र मोदी ने कभी चाय नहीं बेची। वह कैंटीन के कांट्रेक्टर थे।’
अहमद पटेल ने कहा कि गुजरात स्वास्थ्य, शिक्षा और दूसरे सामाजिक क्षेत्रों में पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रोपगंडा के मुताबिक गुजरात नंबर एक है, लेकिन पीछे से।
मैच में न्यूजीलैंड ने की वापसी
वेलिंगटन टेस्ट के तीसरे दिन मैच खत्म होने तक न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम और बीजे वाटलिंग ने शानदार बल्लेबाजी की। इससे पहले टीम इंडिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में अपनी मजबूत कर ली थी।
मैच में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मैक्कुलम के भारत के फील्डरों ने 3 कैच छोड़े। इसी की बदौलत मैक्कुलम ने शानदार शतक जड़ा। छठे विकेट के लिए मैक्कुलम और वाटलिंग ने 158 रन की साझेदारी की। मैच में तीसरे दिन जहीर खान ने शानदार बॉलिंग करते हुए 3 कीवी बल्लेबाजों को आउट किया।
ब्रैंडन मैक्कुलम ने इस पारी में श्ातक जड़ दिया है और वे 114 रनों पर नाबाद हैं। वहीं दूसरे छोर पर बीजे वाटलिंग 51 पर खेल रहे हैं। भारत की तरफ से जहीर खान के अलावा रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने 1-1 विकेट लिया।
नाराज किसान ने सीएम पर फेंका जूता
सिरसा में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जूता फेंकने की कोशिश हुई। हुड्डा की सभा में एक किसान ने सीएम को निशान बनाकर जूता फेंका। हालांकि पोल से टकराकर जूता प्रेस गैलरी में ही गिर गया।
सीएम की ओर जूता फेंकने का आरोपी नातोसरी कला गांव के रहने वाला राजाराम को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। राजाराम किसान है। पुलिस पूछताछ में राजाराम ने बताया कि ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पुलिस में शिकायत दर्ज कर रखी थी। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं होने से वह नाराज था। इसी कारण उसने सीएम की सभा में सीएम की ओर अपना जूता फेंका।
उल्लेखनीय है कुछ दिन पहले पानीपत में रोड शो के दौरान रविवार को एक युवक ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को माला पहनाने के बहाने थप्पड़ मारने की कोशिश की थी।
उत्तराखंड में रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी
उत्तराखंड में आजकल काफी बर्फबारी हो रही है। कई जगह तो पारा माइनस में पहुंच गया है। उत्तरकाशी जिले में तो बर्फबारी ने 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
शनिवार को चकराता का तापमान -7 डिग्री रिकार्ड किया गया। टिहरी में न्यूनतम तापमान -2.5, जबकि मुक्तेश्वर में -1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नैनीताल का तापमान भी शून्य में पहुंच गया है।
बर्फबारी से पानी की पाइप लाइनें तक जम चुकी हैं। ठंड के कारण लोग अपने घरों में ही दुबके हैं, लेकिन काफी पर्यटक इन दिनों उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं।
प्रपोज ठुकराने पर सिरफिरे आशिक ने की हत्या
प्यार से इंकार करने की कीमत एक लड़की को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लड़के ने लड़की को वैलेंटाइन डे के दिन की गोली मार दी। मामला बिहार के भागलपुर का है जहां एक लड़के ने जबरदस्ती प्यार को हासिल करना चाहा और लड़की के इंकार पर उसकी हत्या कर दी।
खबर के मुताबिक कन्हैया ने कई बार लड़की के साथ छेड़छाड़ की, लड़की ने परिजनों को बताया तो परिजनों ने उसे धमका दिया। हालांकि परिजनों ने पुलिस में कंप्लेन नहीं की क्यों उनको डर था कि इससे परिवार का नाम खराब होगा।
लड़के ने प्यार का इजहार किया। लड़की ने उसका विरोध किया तो गुस्से में आकर कन्हैया ने उसे गोली मार दी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। डीएसपी सिटी वीना कुमारी ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
राजस्थान कांग्रेस नेता परसराम मदेरणा का निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परसराम मदेरणा का रविवार सुबह यहां सवाई मानसिंह अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। भंवरी देवी हत्याकांड में जेल की सजा काट रहे राजस्थान के पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा उनके पुत्र हैं।
परसराम मदेरणा राजस्थान सरकार में मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। किसानों के नेता के तौर पर विख्यात मदेरणा नौ बार विधायक चुने गए। पिछले कुछ दिनों से बीमार होने के कारण उन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां रविवार सुबह छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
लड़की की अधजली लाश का रहस्य क्या है?
झारखंड में एनएच-33 पर रांची जमशेदपुर हाइवे पर एक लड़की की अधजली लाश मिलने से हडकंप मच गया। लड़की की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने लाश को देखा और पुलिस को जानकारी दी। बुंदू सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर रामसेवक राय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खबर के मुताबिक बुंदू या तमार पुलिस स्टेशन में किसी लड़की के गायब होने की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है। राय ने बताया कि आस पास के पुलिस स्टेशनों को इस बाबत जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि लड़की स्थानीय नहीं लग रही है, बहुत संभावना है कि लाश को कहीं और से लाकर यहां डंप किया गया है।
रांची के एसपी (ग्रामीण) एसके झा ने बताया कि अभी ये नहीं कहा जा सकता कि हत्या किसने और क्यों की। सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।