फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बजट से पहले रेल मंत्री का इशारा, चलेगी बुलेट ट्रेन

विज्ञापन
विज्ञापन
रेल बजट पेश करने से पहले रेल मंत्री सदानंद गौड़ा ने पत्रकारों से बातचीत में साफ इशारा कर दिया कि भारत में भी बुलेट ट्रेन का सपना साकार हो सकता है। रेल मंत्री गौड़ा ने इसके साफ तौर पर संकेत दिए।
विज्ञापन


सदानंद गौड़ा ने कहा कि जापान और चीन में बुलेट ट्रेन चल सकती है तो भारत में क्यों नहीं। आगे गौड़ा ने रेलवे की बदहाल स्थिति पर कहा कि इसमें सुधार की जरूरत है और इसके लिए वाजिब कदम उठाए जाएंगे।

आज दोपहर बारह बजे रेल मंत्री सदन में अपना पहला रेल बजट पेश करेंगे।
Trending Videos

रेल में सफर करना होगा अब कैसा?

रेल बजट से पहले ही बढ़े किराए और मालभाड़े की गाज गिराने के बाद नरेंद्र मोदी सरकार अब यात्री सुविधाओं के नाम पर आम जनता के जख्मों पर सपनों का मरहम लगाने जा रही है।

लोकसभा में मंगलवार को पेश होने जा रहे रेल मंत्री सदानंद गौड़ा के रेल बजट में आम जनता के लिए कड़वी दवा कम और सुविधाओं की बौछार ज्यादा होगी।

बजट सत्र के पहले दिन के बाद यही माना जा रहा था कि रेल बजट के दौरान भी विपक्ष की ओर से जबरदस्त हंगामा किया जाएगा। लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने साफ कर दिया है कि रेल और आम दोनों ही बजटों के दौरान पार्टी की ओर से किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं किया जाएगा।

पीएम मोदी के क्षेत्र का रखा जाएगा ख्याल

महिलाओं की सुरक्षा से लेकर मोदी की बुलेट ट्रेन का सपना, सूचना प्रौद्योगिकी की सुविधाएं, ट्रेनों और स्टेशनों की साफ सफाई, नई ट्रेनें और यात्रा के दौरान मनपसंद खाने की घोषणाएं बजट का हिस्सा तो होंगी ही।

साथ में राजनीतिक हितों को साधने की भी पूरी तैयारी की गई है। इसी के तहत अमेठी में सेंध लगाने के साथ-साथ पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस का खास ख्याल भी रेल बजट में रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटड़ा यात्रा के दौरान ही संकेत दे दिए थे कि वह रेल में निजी निवेश के पक्षधर हैं। गौड़ा के बजट में रेल के घाटे को कम करने के लिए निजी निवेश के जरिए कई घोषणाएं की जा रही हैं।

रेलवे होगी हाई-फाई

रेल मंत्री ने सोमवार को रेल बजट का ब्योरा देने से तो इनकार कर दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि पूरे बजट में एक पेज सूचना प्रौद्योगिकी की घोषणाओं से भरा होगा। इसका मतलब यह हुआ कि कई प्रमुख ट्रेनों में वाई-फाई के इंतजाम की घोषणा की जाने वाली है।

दिल्ली-आगरा की तरह देश के अन्य हिस्सों में हाई स्पीड ट्रेनों के कॉरीडोरों की पहचान की घोषणा गौड़ा के बजट में हो सकती है। यह भी तय है कि इस हाई स्पीड ट्रेन का कॉरीडोर मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस तक भी जा सकता है।

सफाई के लिए सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के जरिए रेल बजट में घोषणा की तैयारी की गई है। साफ सफाई की व्यवस्था निजी हाथों में देकर उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

ट्रेन में खानपान की समस्या भी दूर करने की कोशिश की जाएगी। अब यात्री ट्रेन में अपने किसी भी मनपसंद व्यंजन का आर्डर कर सकेंगे। इसकी जिम्मेदारी ट्रेनों में कई नामी कंपनियों को दी जा सकती है।

रेल में बढ़ेगी सिक्‍योरिटी

इस रेल बजट में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख ट्रेनों में महिला सुरक्षा बल की अनिवार्य तैनाती की घोषणा की जा सकती है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बोगी में महिला सुरक्षा कर्मी तैनाती की व्यवस्था की जा रही है। महिलाओं के साथ ट्रेन में होने वाली बदसलूकी को ध्यान में रखते हुए महिला सुरक्षा बल की घोषणा हो सकती है।

विज्ञापन

राहुल की अमेठी में सेंध लगाने की तैयारी

रेल बजट में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में सेंध लगाने के लिए इस क्षेत्र को एक बड़ी रेल परियोजना की सौगात दी जा सकती है।

स्मृति ईरानी अमेठी में राहुल गांधी से चुनाव हार जरूर गईं। लेकिन उन्होंने हाल ही में कहा था कि वह अमेठी को भूलेंगी नहीं। कुछ दिन पहले अमेठी की यात्रा के बाद उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात भी की थी।

अमेठी में एक बड़ी परियोजना की घोषणा की तैयारी कर ली गई है। अमेठी में राहुल फोबिया दूर करने के लिए बाद में इसका श्रेय भी स्मृति ईरानी को दिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें