यूपी के ललितपुर क्षेत्र में जखौरा-बांसी रोड स्थित खैड़र नदी पर बने पुल पर एक कुत्ते से टकरा कर नदी में गिरे बाइक सवार तीन नवयुवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पांचों युवक सोमवार की रात एक बाइक से विवाह समारोह में शामिल होने को जमालपुर की ओर जा रहे थे।
सोमवार की शाम जखौरा के मुहल्ला डइयन निवासी इंद्रपाल की बारात तालबेहट के ग्राम जमालपुर जा रही थी।
डइयन निवासी छोटू (20 वर्ष) पुत्र मगन, संदीप (17 वर्ष) पुत्र खुशीलाल रैकवार, राजू (21 वर्ष) पुत्र झब्बा एवं सोनू (18 वर्ष) पुत्र देवी रैकवार व मनोज (20 वर्ष) पुत्र प्रभु निवासी बबीना बारात में शामिल होने के लिए मोटर साइकिल (यूपी 93 एएच 5559) से जमालपुर की ओर रवाना हुए। मोटरसाइकिल छोटू चला रहा था।
रात लगभग साढ़े नौ बजे उनकी बाइक जखौरा - बांसी के बीच खैड़र नदी के पुल पर अचानक सामने से आ रहे कुत्ते से टकराकर असंतुलित होकर नदी में जा गिरी। सबसे पीछे बैठा सोनू उछलकर पुल पर गिर गया, जबकि शेष चारों युवक नदी में गिर गए। नदी में गिर कर घायल हुआ राजू किनारे पर जाकर बेहोश हो गया जबकि संदीप, छोटू और मनोज की नदी में डूबने की वजह से मौत हो गई।