दैनिक यात्रियों की फेवरेट लालकिला और जनता एक्सप्रेस को पूर्ण रूप से बंद करने के बाद पिछले साल जुलाई माह में शुरू की गई आनंद विहार-कोलकाता एक्सप्रेस यात्रियों के लिए अब मुसीबत बन गई है। जब से इस ट्रेन की शुरूआत हुई है तब से अब तक ऐसे बहुत कम ऐसे मौके आए हैं जब कोलकाता एक्सप्रेस समय से चली हो। इतना ही निरस्तीकरण के मामले में भी इस ट्रेन का रिकार्ड बनता जा रहा है।
साल भर के भीतर ही यह ट्रेन अब तक 100 से भी ज्यादा बार निरस्त हो चुकी है। मई में मुरी हादसा और जून में इटारसी के आरआरआई रूम में लगी आग के बाद से कोलकाता एक्सप्रेस रेलवे द्वारा औसतन हर तीसरे रोज ही निरस्त कर दी जा रही है।
लेटलतीफी की वजह से पिछले साल लालकिला और जनता एक्सप्रेस को रेलवे द्वारा पूर्ण रूप से बंद किया गया था। तब कहा गया था कि इसके स्थान पर एक नई ट्रेन शुरू की जाएगी। सालों पुरानी इन दोनों ट्रेनों को बंद करने के बाद एक जुलाई 2014 से गाड़ी संख्या 13131/13132 आनंद विहार-कोलकाता एक्सप्रेस शुरू की गई लेकिन शुरूआत के पहले ही सप्ताह से ही कोलकाता एक्सप्रेस की लेटलतीफी शुरू हो गई।
लेटलतीफी भी इसकी कुछ ऐसी बढ़ी कि जुलाई 2014 में इसे पांच बार निरस्त करना पड़ा। इसके बाद से यह ट्रेन हर महीने कई बार निरस्त हुई। जो अब तक बरकरार है।