पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के हरदा-खंडवा सेक्शन में खिरकिया और भिरंगी स्टेशन के मध्य कामायनी और मुंबई जनता के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण रेल संचालन अब तक अस्त व्यस्त चल रहा है।
संबंधित रूट पर चलने वाली तमाम ट्रेनें हर रोज रेलवे निरस्त कर रहा है। अब इसी क्रम में रेलवे ने 11 अगस्त तक कुल 151 ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला किया है।
ये सभी ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के इलाहाबाद, कानपुर, झांसी, ग्वालियर, आगरा, मथुरा, मिर्जापुर आदि स्टेशनों से होकर गुजरती हैं। इतना ही नहीं इस अवधि में एनसीआर जोन के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली 90 ट्रेनें बदले हुए रूट से आएंगी।
बता दें कि 04 अगस्त को भोपाल डिवीजन के खिरकिया और भिरंगी स्टेशन के मध्य पुलिया ढह जाने से कामायनी और मुंबई जनता एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे के बाद इटारसी-मुंबई रूट पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है।
ये है निरस्त ट्रेनों की लिस्ट
रेलवे पांच अगस्त से संबंधित रूट पर चलने वाली दर्जनों ट्रेनें निरस्त कर रहा है। साथ ही कई ट्रेनों का डायवर्जन भी किया जा रहा है। अब इसी कड़ी में एनसीआर प्रशासन ने 11 अगस्त तक जोन के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों के निरस्तीकरण की सूची जारी की है।
सूची जारी होने के बाद तय है कि अगले कुछ दिन यात्रियों के लिए मुंबई की डगर आसान नहीं है। रेलवे द्वारा जारी की गई सूची में काशी एक्सप्रेस, पुणे-पटना, ताप्तीगंगा एक्सप्रेस, पुणे-लखनऊ, रत्नागिरि एक्सप्रेस, अजमेर-हैदराबाद, झेलम एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, इलाहाबाद-मुंबई दूरंतो, पटना-वास्कोडिगामा, वाराणसी-मैसूर, चंडीगढ़-यशवंतपुर, लश्कर एक्सप्रेस, गुवाहाटी-एलटीटी, कालका-शिर्डी साई नगर, भागलपुर-सूरत, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल-अमृतसर, बांद्रा-पुणे, ज्ञानगंगा एक्सप्रेस आदि प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
इस सूची के हिसाब से सात अगस्त को जहां 40 ट्रेनें निरस्त रहीं तो वहीं आठ अगस्त को निरस्त होने वाली ट्रेनों की संख्या भी 40 है। नौ अगस्त को 30, दस अगस्त को 40 एवं 11 अगस्त को एक ट्रेन निरस्त की जा रही है। निरस्त होने वाली तमाम ट्रेनें दिल्ली से भी होकर गुजरती हैं।
इन ट्रेनों के निरस्त होने से रेलवे को हर रोज करोड़ों रुपये की चपत लगनी तय है। इसके अलावा जिन यात्रियों ने संबंधित ट्रेनों में अपने रिजर्वेशन करवा रखे हैं उनके पास अब अपनी टिकट को निरस्त कराने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा है।
निरस्त होने वाली पांच ट्रेनें एनसीआर की
रेलवे द्वारा जो सूची जारी की गई है उसमें निरस्त होने वाली पांच ट्रेनें एनसीआर की हैं, जो यहां के विभिन्न स्टेशनों से शुरू होती है। इसमें सात अगस्त को गाड़ी संख्या 19418 इलाहाबाद-अहमदाबाद एक्सप्रेस और 12944 कानपुर-बलसाद एक्सप्रेस निरस्त रही।
आठ अगस्त को 12162 आगरा कैंट-एलटीटी और इलाहाबाद-एलटीटी दूरंतो एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इसी तरह 10 अगस्त को रेल प्रशासन से 11070 तुलसी एक्सप्रेस को निरस्त करने का फैसला किया है।
मध्य प्रदेश में हुए हादसे के बाद रेलवे ने एनसीआर जोन में 11 अगस्त तक आने वाली 90 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाने की तैयारी की है। बदले हुए मार्ग से आने की वजह से इन ट्रेनों की लेटलतीफी होने भी तय है।
एनसीआर जोन में 21 ट्रेनों का डायवर्जन
सात अगस्त को एनसीआर जोन के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली 23 ट्रेनों का डायवर्जन किया गया। जबकि आठ अगस्त को 21, नौ अगस्त को 25 एवं दस अगस्त को भी 21 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाने का ऐलान रेलवे ने किया है।
ये सभी ट्रेनें इटारसी-मुंबई रूट पर चलती हैं, लेकिन अब इनका 10 अगस्त तक भुसावल-नागपुर-इटारसी, इटारसी-नारखेर-बडनेरा जं.-भुसावल, वसाई रोड-बड़ोदरा-नांदेड-मथुरा जं., भोपाल-नांदेड-बड़ोदरा-वसाई रोड और पूरना-अंकोला-नागपुर-इटारसी रूट से इनका संचालन होगा।
‘मध्य प्रदेश में कामायनी और मुंबई जनता हादसे की वजह से ही ट्रेनों का निरस्तीकरण किया गया है। कुछ ट्रेनें डायवर्ट भी की गई है। जल्द ही इटारसी-मुंबई रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा।’
-विजय कुमार, सीपीआरओ, एनसीआर