गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश में बसे गुजरातियों से गुजारिश की है कि वह सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति के निर्माण में योगदान दें।
मोदी ने वीडियो लिंक के जरिए अमेरिका के 20 शहरों में बसे गुजराती समुदाय के लोगों से कहा कि सरदार पटेल की यह 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी', न्यूयार्क के 'स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी' से दोगुनी ऊंची होगी और यह दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति होगी। मोदी का कहना है कि 1947 की आजादी के बाद देश को एकता के सूत्र में अकेले बांधने वाले सरदार पटेल के लिए यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मोदी ने अपने भाषण में कहा कि हम विकास को एक नई ऊंचाई पर ले गए हैं, जिसमें सबके हितों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा, 'मैं इसे फिर दोहरा रहा हूं कि इसे नरेंद्र मोदी ने नहीं किया है। इसका श्रेय गुजरात के उन छह करोड़ लोगों को और उन लोगों को जाता है जो गुजरात से प्यार करते हैं।'
मोदी ने एनआरआई गुजरातियों को संबोधित करते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए। मोदी ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, 'हमने विकास का एक ही मंत्र अपनाया है, सबका साथ, सबका विकास। हम समाज के कुछ चुनिंदा तबकों का विकास नहीं चाहते।'