चक्रवाती तूफान फैलिन के चलते पश्चिम बंगाल में सागर द्वीप से 22 समुद्री मील दूर एक मालवाहक जहाज के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय कोस्ट गार्ड ने इलाके में कार्गो विमान एमवी बिंगो के 18 चालक दल के सदस्यों की खोज के लिए एक जहाज और डोर्नियर विमान को तैनात किया है।
कोस्ट गार्ड अधिकारियों का कहना है कि सभी 18 क्रू सदस्यों ने जहाज को छोड़ दिया है और सभी को एक जीवनरक्षक नौका पर देखा गया है।
क्रू सदस्यों में 17 चीनी और एक म्यांमार का नागरिक है। भारतीय कोस्ट गार्ड के जहाज व्रज को खोज और बचाव कार्य के लिए इलाके में तैनात किया गया जबकि कोस्ट गार्ड डार्नियर विमान को लापता क्रू पर नजर रखने को तैनात किया गया।
कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष आरपीएस कहलों ने बताया कि पनामा में रजिस्टर्ड एमवी बिंगो मालवाहक जहाज में 8000 टन लौह अयस्क लदा हुआ था।
उन्होंने बताया कि सागर लंगर से 11 अक्तूबर को रवाना हुआ यह मालवाहक जहाज चीन जा रहा था। उन्होंने बताया कि जहाज हल्दिया बंदरगाह से 8 अक्तूबर को निकला था और शनिवार से लापता है।
इस बीच भारतीय कोस्ट गार्ड ने दो फिशिंग नौका जय बजरंगी और पवन पुत्र को ओडिशा के निकट पाया और 18 चालक दल के सदस्यों को वहां से सुरक्षित निकाला।