प्रमुख टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने अंतरराष्ट्रीय कॉल की दरें 80 फीसदी तक बढ़ा दी हैं। आइडिया ने भी इन दरों में 25 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
दोनों कंपनियों की वेबसाइटों के मुताबिक अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा कॉल करने की दर अब आठ रुपए प्रति मिनट हो गई है।
पहले यह दर 6.40 रुपए प्रति मिनट थी। कंपनियों के मुताबिक डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी की वजह से कॉल दरें बढ़ाई गई हैं।
एयरटेल नेटवर्क पर कॉल दरें 80 फीसदी तक बढ़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया में खास सेवाओं के लिए की जाने वाली कॉल पर यह दर 10 अक्टूबर से लागू हो गई है। आईएसडी कोड 6113 और 6114 पर ऑस्ट्रेलिया के लिए जो कॉल 100 रुपए की थी वह अब 180 रुपए की हो गई है।
एयरटेल के प्रवक्ता के मुताबिक डॉलर की मजबूती ने आईएसडी दरों पर जबरदस्त दबाव डाला है।
आईएसडी सेगमेंट में एयरटेल इसे अब तक बर्दाश्त करती आ रही थी। लेकिन हाल में रुपए की गिरावट की वजह से आईएसडी कॉल दरें बढ़ाने के सिवा और कोई चारा नहीं बचा था।