पिछले दिनों दादरी कांड की पृष्ठभूमि में धार्मिक असहिष्णुता की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताने वाले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने एक बार फिर सामाजिक मूल्यों की याद दिलाई है।
बीरभूम जिले के किरनाहर में अपने पैतृक निवास पर पारिवारिक दुर्गा पूजा समारोह में शामिल होने आए राष्ट्रपति ने कहा कि क्या देश में सहनशीलता और असहमति की स्वीकार्यता खत्म हो रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मानवतावाद और बहुलतावाद को नहीं त्यागा जाना चाहिए। पांच हजार साल पुरानी भारतीय सभ्यता की याद दिलाते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सबको समाहित करके चलना भारतीय समाज की विशेषता है।
हमारी एकजुट शक्ति का इस्तेमाल निश्चिततौर पर समाज की बुरी ताकतों से मुकाबले में होना चाहिए। गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा के बिसाहड़ा गांव में एक मुस्लिम व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या की घटना पर राष्ट्रपति ने देश की एकता और विविधता की याद दिलाई थी।