महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक और माउंटेन मैन की कहानी सामने आई है जिन्होंने दशरथ मांझी की तरह ही पहाड़ को काटकर रास्ता बनाया है।
अहमदनगर के गुंडेगांव के रहने वाले 84 वर्षीय पूर्व शिक्षक राजराम भापकर ने पिछले 57 साल में सात पहाड़ को काटकर 40 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई है। इस काम के लिए उनका इस क्षेत्र में काफी सम्मान किया जाता है।
प्यार से ‘भापकर गुरुजी’ के नाम से मशहूर भापकर साधारण ग्रामीण की तरह दिखते हैं। सफेद दाढ़ी वाले भापकर शर्ट और पजामा पहनने के साथ ही ‘गांधी’ टोपी लगाते हैं।
सातवीं कक्षा तक पढ़े भापकर कहते हैं कि आजादी के समय गुंडेगांव से आसपास के गांवों को जोड़ने के लिए पैदल रास्ता भी नहीं था। जिला परिषद् स्कूल में 1957 से 1991 तक काम कर चुके भापकर जब कोलेगांव में काम कर रहे थे, तब उनके गांव के लोगों को वहां पहुंचने के लिए तीन गांवों को पार करना पड़ता था।