बंटी और बबली की तर्ज पर एक माह पूर्व शोरूम से मोबाइल फोन उड़ाते नई दिल्ली के सुंदर नगर निवासी नवदंपति महानगर में नाटकीय अंदाज में पकड़े गए। गुरुवार को यही दंपति दूसरे शोरूम से मोबाइल उड़ाने की फिराक में थे लेकिन धरे गए।
दोनों बाकायदा कार से चोरी करने आते थे। उसे पकड़वाने में शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे और वहां काम कर चुके कर्मचारी का अहम योगदान रहा। जानकारी देने पर पुलिस आकर दोनों को सिविल लाइन्स थाने ले गई।
महंगे मोबाइल देखने का नाटक रचकर उड़ाते थे फोन
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के पीएसी तिराहे स्थित बाला जी मोबाइल शोरूम से दिल्ली के सुंदर नगर निवासी नावेद और अर्चना उर्फ जैनब ने 27 नवंबर को तीन मोबाइल चोरी कर लिए थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई।
जिसमें एक युवती और एक युवक मोबाइल चोरी करते दिखाई दे रहे थे। दोनों मोबाइल खरीदने शोरूम पहुंचे थे। अनेक मोबाइल खरीदने का नाटक किया लेकिन बिना खरीदे ही लौट गए थे। बाद में पता चला कि तीन मोबाइल गायब हैं।
शोरूम स्वामी ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। लेकिन उनका पता नहीं लग पा रहा था। गुरुवार को कटघर के गुलाबबाड़ी स्थित मोबाइल शोरूम में एक युवक युवती इंडिको कार से पहुंचे। दोनों ने महंगे मोबाइल देखने शुरू कर दिए।
इसी बीच कर्मचारी महेंद्र उर्फ सोनू ने दोनों को पहचान लिया। महेंद्र पहले उसी शोरूम पर नौकरी करता था। जहां बंटी बबली मोबाइल चोरी कर गायब हो गए थे। महेंद्र की सूचना पर बाला जी मोबाइल शोरूम के कर्मचारी और मालिक मौके पर पहुंच गए।