भारत ने दुनिया भर के देशों से इंटरनेट के जरिये फैल रहे आतंकवाद पर साथ मिलकर अंकुश लगाने की अपील की है। मोनाको में इंटरपोल की सौवीं वर्षगांठ के कार्यक्रम पर भारत ने दुनिया को चेताया है कि अब आतंकवादी देशों पर कब्जा कर रहे हैं।
लिहाजा पूरी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता को अब टाला नहीं जा सकता। इंटरपोल के इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हिंदी में भाषण दिया।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी ब्योरे के मुताबिक इंटरपोल के इतिहास में पहली बार हिंदी का इस्तेमाल हुआ है। इस मौके पर राजनाथ ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से बदल रहे हालात और एक देश से दूसरे देश को धन भेजने की आसानी अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का रास्ता आसान कर रही है। साथ ही इंटरनेट का इस्तेमाल आतंकवाद को नई धार दे रहा है।
अब जरूरत है कि सभी देश इस समस्या के खिलाफ सटीक परिणाम देने वाले तालमेल के साथ काम करें। गृह मंत्री ने आईएसआईएस संगठन की ओर इशारा करते हुए चिंता जाहिर की कि आतंकी संगठन पूरी पीढ़ी में धर्मांधता का जहर फैला कर पूरे देश पर कब्जा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सभी देशों को मिलकर आतंकवादियों को पनाह और सहायता देने वाली ताकतों को नष्ट करना जरूरी है। इसके लिए पुराने कानून की जगह नए और तर्कसंगत कानून की आवश्यकता है। ताकि सभी देश एक दूसरे पर निर्भर कर सकें।