मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 21 साल की एक लड़की ने तलवार लेकर अपने घर में घुसे हथियारों से लैस पांच लुटेरों को खदेड़कर जांबाजी का परिचय दिया है। यह साहसिक कदम उठाने वाली चरनप्रीत कौर इंजीनियरिंग की छात्रा हैं।
दरअसल, बुधवार तड़के घटना के वक्त चरनप्रीत पढ़ाई कर रही थी। तभी शोरगुल की आवाज सुनाई देने पर उसे अपने घर में कुछ नकाबपोश लुटेरों के घुसने का पता चला। उस वक्त सभी घरवाले सो रहे थे।
इसलिए उसने तुरंत करीब चार फीट लंबी तलवार निकाली और दहाड़ते हुए उनके पीछे दौड़ पड़ी। कौर के हाथ में तलवार देख लुटेरे डर गए और वहां से भाग खड़े हुए।
कौर के इस जांबाजी भरे कारनामे से प्रभावित राज्य गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने बृहस्पतिवार को अंसल प्रधान इनक्लेव स्थित उनके घर का दौरा कर उससे मुलाकात की।
गौर ने कौर की बहादुरी के लिए उसकी सराहना की और उसकी तुलना झांसी की रानी से की। गौर ने यह भी कहा कि वह वीरता पुरस्कार के लिए कौर के नाम की सिफारिश करेंगे।