अर्द्धविक्षिप्त बेटी के साथ दुष्कर्म से दहशतजदा परिवार अब उसको बेड़ियों में जकड़कर रखने को मजबूर हो गया है। परिवार की यह मजबूरी अखबारों की सुर्खियां बनीं तो पुलिस भी हरकत में आई और आरोपियों की दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
खुफिया तंत्र भी कस्बे में डटा रहा। उधर, एसपी ने कहा कि लड़की को मानसिक रोगी अस्पताल भेजकर इलाज कराया जाएगा साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी। दुष्कर्म की शिकार लड़की का परिवार मजदूरी करता है। घर में तीन बेटी और दो बेटे हैं।
घटना की शिकार लड़की दूसरे नंबर की है, जबकि दो भाई काफी छोटे हैं घर की माली हालत ठीक नहीं होने से वह उसका ठीक से इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं। उसकी मां ने बताया कि उनकी लड़की काफी सालों से मानसिक रुप से कमजोर है लेकिन इस घटना के बाद उसकी हालत और भी बिगड़ गई है।
उसकी मां ने बताया कि उसके पिता सुबह ही मजदूरी को निकल जाते हैं, और वह चूल्हा-चौका में लग जाती है ऐसे में उसे डर है कि यह बदहवास हालत में घर से न निकल जाए इसलिए उसे बेड़ियों में बांधकर रखना उनकी मजबूरी है।