बिहार में विकास के नारे को और प्रभावशाली बनाने के लिए केंद्र ने राज्य में बडे़ निवेश का खाका तैयार कर लिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि बिहार को केंद्र सरकार 25000 करोड़ से अधिक की सौगात देने जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अप्रैल-मई तक बिहार में निवेश कार्यक्त्रस्मों का शिलान्यास करेंगे। यह निवेश आने वाले 5-6 साल में होगा। इस निवेश से राज्य में पेट्रोकेमिकल्स कांपलेक्स, रिफाइनरी का विस्तार, एलपीजी पाइपलाइन और छोटे-छोटे पेट्रोकेमिकल्स कांपलेक्स की स्थापना की जाएगी।
प्रधान बरौनी रिफाइनरी के पचास साल पूरे होने पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। बरौनी रिफाइनरी को देश की शान बताते हुए प्रधान ने कहा कि बरौनी को एक पेट्रोकेमिकल कांपलेक्स के तौर पर विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने इसके क्षमता विस्तार के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
इसकी क्षमता छह मिलियन टन से बढ़ाकर नौ मिलियन टन की जायेगी। उल्लेखनीय है कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के कार्यकाल में बरौनी में इंडियन ऑयल की रिफाइनरी की स्थापना हुई थी।