शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे की सेहत पर पूरे देश की नजर लगी हुई है। बीमार चल रहे ठाकरे की बुधवार रात को तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई थी। लेकिन अब सेहत में सुधार है और उन्हें ‘लाइफ सपोर्ट सिस्टम’ की जरूरत नहीं पड़ रही है। पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वहीं ठाकरे की सेहत गंभीर होने की खबरों के बीच दिन भर मुंबई की रफ्तार धीमी रही। टैक्सियां, ऑटो और निजी वाहन सड़कों पर कम ही दिखे। अनेक दफ्तरों में अघोषित छुट्टी जैसा माहौल था और अनेक फिल्मों-सीरियलों की शूटिंग रद्द कर दी गई। दादर और परेल जैसे शिवसेना के प्रभाव वाले इलाकों समेत मुंबई के ज्यादातर हिस्सों में दुकानें बंद रहीं।
वहीं नेताओं, बॉलीवुड अभिनेताओं और उद्योग जगत की हस्तियों का ठाकरे निवास ‘मातोश्री’ पहुंचने का बुधवार रात शुरू हुआ सिलसिला आगे जारी रहा। ‘मातोश्री’ के सामने शिव सैनिकों और ठाकरे समर्थकों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। पुलिस को हजारों की भीड़ को नियंत्रित रखने के कड़े प्रयास करने पड़े। जबकि केंद्र सरकार ने अप्रिय स्थिति की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा बलों से कहा कि उन्हें अचानक महाराष्ट्र जाने के आदेश दिए जा सकते हैं। जबकि जो बल महाराष्ट्र में हैं उन्हें गुजरात चुनाव में जाने से फिलहाल रोक दिया गया है।
शिवसेना के राज्यसभा सांसद राउत ने कहा, ‘बीती रात वाकई स्थित गंभीर हो गई थी। लेकिन अब बाला साहेब पर दवाओं का असर हो रहा है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणालियों की जरूरत नहीं पड़ रही है।’ वैसे शिवसेना की ओर से 86 वर्षीय ‘सुप्रीमो’ को लेकर कोई मेडिकल बुलेटिन नहीं जारी किया गया। लेकिन उनका इलाज कर रहे एक डॉक्टर ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है और उनकी स्थिति अब भी अच्छी नहीं है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है।
इस बीच मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में ठाकरे के जल्द स्वस्थ्य होने को लेकर पूजा-अर्चना और हवन का दौर शुरू हो गया है। वहीं ‘मातोश्री’ पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। यहां बीती रात शिवसैनिकों ने मीडिया के कुछ वाहनों और उपकरणों को नुकसान पहुंचाया था। चारों तरफ बेरीकैड्स लगाए गेए हैं और मुंबई पुलिस तथा रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। साथ ही पूरे राज्य में पुलिस को अलर्ट कर दिया दिया गया है।
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी ठाकरे परिवार से मिलने पहुंचे थे। वह राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी नजर रखे हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ‘बीती रात चव्हाण ने मुख्य सचिव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।’ केंद्रीय मंत्री शरद पवार, भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी, लोकसभा में पार्टी के उपनेता गोपीनाथ मुंडे, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, उद्योगपति राहुल बजाज और वेणुगोपाल धूत ने भी ‘मातोश्री’ जाकर ठाकरे के स्वास्थ्य की खैर-खबर ली।
शाहरुख भी पहुंचे मातोश्री
अनेक मौकों पर शिवसेना सुप्रीमो की नाराजगी का शिकार हुए बॉलीवुड के किंग खान, शाहरुख बृहस्पतिवार की शाम साढ़े सात बजे उनके स्वास्थ्य का जायजा लेने के लिए मातोश्री पहुंचे। उन्होंने ठाकरे परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और सीनियर ठाकरे का हालचाल जाना। अमिताभ बच्चन 18 घंटे में दूसरी बार बृहस्पतिवार को रात आठ बजे पत्नी जया के साथ मातोश्री गए। जबकि दिन भर बॉलीवुड की हस्तियां बाल ठाकरे की सेहत देखने के लिए उनके घर जाती रहीं।
कार्यकर्ताओं से उद्धव और राज की अपील
बाल ठाकरे की गंभीर सेहत से उद्वेलित शिवसैनिकों से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने अपील की है कि वे इस स्थित में ‘शांत रहें और धैर्य का परिचय दें’। बुधवार की रात को मातोश्री के सामने इकट्ठा हुए समर्थकों को शांत करने के बाद बृहस्पतिवार को एक बार फिर दोनों नेताओं ने शिवसैनिकों से कहा कि बाल ठाकरे की हालत में सुधार हो रहा है।
'दवा के साथ दुआओं का भी असर हो रहा है।'
- सुभाष देसाई, शिवसेना नेता